29...कंसाला में लगाए गए पशु स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में मौजूद पशु चिकित्सक। स्रोत : ग्रामीण
रोहतक। राजकीय पशु चिकित्सालय कंसाला में शुक्रवार को पशुपालकों के लिए पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से पशु सेवा पखवाड़ा के तहत लगाए इस शिविर का उद्देश्य पशुपालकों को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण पशु चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना, पशु स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रजनन से संबंधित नवीन जानकारी देना रहा। इस दौरान कुल 143 पशुओं का उपचार किया गया। इनमें से 26 पशुओं में खनिज (मिनरल) की कमी पाई गई, जिनका उचित उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त कृमिनाशक दवाइयां दी गईं व आवश्यकतानुसार अन्य औषधीय उपचार भी प्रदान किए गए। पशुओं के खून की जांच के लिए नमूने एकत्र कर लैब भेजे गए। पशुपालकों के लिए पशुपालक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें खनिज कमी के लक्षण, संतुलित आहार, कृमिनाशन, टीकाकरण, स्वच्छता एवं आवास प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस शिविर में डॉ. जगबीर मलिक, डॉ. अनुपमा व डॉ. वैभव ने सेवाएं प्रदान की। संवाद