फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारी रमेश हत्याकांड का खुलासा

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

रोहतक। किला रोड मार्केट के पूर्व प्रधान रमेश पुनियानी की जूडो के राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने लाढौत रोड के खेतों में लूट के बाद नेक लॉक लगाकर गर्दन तोड़कर हत्या की थी। इसके बाद उसी की स्कूटी से लाढौत बाइपास पर ले जाकर जेएलएन नहर में शव फेंक दिया। हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने 17 फरवरी को व्यापारी को फोन करके होटल बुलाया था। फिर उसी शाम तीनों ने उसे मार डाला। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी ज्योति, हैप्पी और दीक्षांत को शुक्रवार को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें शनिवार सुबह अदालत में पेश किया जाएगा। यहां से रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस ने लूटे गए सामान व मृतक की स्कूटी भी बरामद करनी है।
पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि व्यापारी रमेश पुनियानी 17 फरवरी को स्कूटी पर सवार होकर एक होटल में गया था। यहां से वह वापस घर नहीं लौटा। दीपक ने अपने पिता के अपहरण कर हत्या का अंदेशा जाहिर किया था। इसके तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। इसके अगले दिन 18 फरवरी को पहरावर के पास जेएलएन नहर से व्यापारी का शव बरामद हुआ। इसके बाद केस की जांच निरीक्षक बिजेंद्र भंडारी को सौंपी गई। सीआईए-1 टीम ने गहनता से जांच करते हुए 48 घंटे में लूट व हत्या के मामले से पर्दा उठाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

ऐसा दिया हत्याकांड को अंजाम
एसपी ने बताया कि ज्योति ने व्यापारी रमेश को फोन करके होटल में बुलाया। इनके बीच करीब पांच महीने से संबंध था। वह उसकी दुकान पर खरीददारी करने गई थी। उस समय इनकी जान पहचान हुई। इसीलिए वह होटल गया। यहां किसी ने व्यापारी को फोन किया। इसके बाद वह चला गया। इसलिए ज्योति ने दोबारा फोन करके उसे बुलाया। बाद में व्यापारी खुद अपनी स्कूटी पर ज्योति को राजीव गांधी खेल परिसर से आगे फ्लाई ओवर के पास छोड़ने गया। यहां हैप्पी व दीक्षांत पहले से छिपे हुए थे। इन्होंने स्कूटी को मोेड़ते ही व्यापारी को दबोच लिया। वे उसे स्कूटी पर बैठा कर लाढौत रोड पर खेतों में ले गए। यहां उससे नकदी जेवर लूट कर उसकी गर्दन तोड़ दी। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 18 फरवरी की सुबह करीब सात बजे दिल्ली गए। दिल्ली में कपड़ों की खरीददारी की। इसके बाद वे छिपने के लिए हरिद्वार चले गए थे। हैप्पी ने बताया कि उसे ज्योति से शादी करनी थी। इसके लिए उन्हें रुपये चाहिए थे।

सीसीटीवी कैमरे से मिली मदद
लूट व हत्या के मामले में सीसीटीवी कैमरे ने पुलिस की बड़ी मदद की। इस दौरान होटल के एक सीसीटीवी की फुटेज में व्यापारी महिला के साथ नजर आया। शक के आधार पर महिला के बारे में छानबीन करने पर अहम सुराग हाथ लगे। इन्हीं के आधार पर टीम आरोपियों तक पहुंची। केस की जांच में निरीक्षक बिजेंद्र भंडारी की टीम में एएसआई सुशील कुमार, एएसआई पंकज, मुख्य सिपाही सज्जन, प्रदीप, सिपाही जितेंद्र, हरपाल, सुमित कुमार व चालक रवींद्र शामिल रहे।

यह हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ज्योति मूलरूप से दिल्ली नरेला होलंबी खुर्द हाल आजादगढ़ की रहने वाली है। इसकी उम्र करीब 23 साल है। उत्तर प्रदेश के शामली में शादीशुदा है। इसका एक बेटा भी है। महिला पति से मतभेद के चलते अलग रह रही है। पिछले करीब पांच महीने से ज्योति रोहतक में अपनी बहन के पास आजादगढ़ में रह रही है। इससे पूर्व व सेक्टर तीन में रहती थी। यहीं उसकी पहचान हैप्पी उर्फ सन्नी से हुई।
विज्ञापन


आरोपी हैप्पी उर्फ सन्नी मूलरूप से गांव मदीना हाल सेक्टर-तीन का रहने वाला है। इसकी उम्र करीब 19 साल है। यह 11वीं पास है। जूडो का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी रहा है। खेल के दौरान आरोपी दीक्षांत उर्फ काकू से दोस्ती हुई। नेशनल खिलाड़ी दीक्षांत शहर के सेक्टर-दो का रहने वाला है। इसकी उम्र करीब 18 साल है। यह 10वीं पास है। इसके खिलाफ ऑटो चोरी का केस भी दर्ज है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें