फोटो सहित एसएनजे एक
सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन।
17 सितंबर तक मांग नहीं मानी तो 18 को देंगे सामूहिक गिरफ्तारी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों को यदि 17 सितंबर तक लागू नहीं किया गया तो 18 सितंबर को सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर हर जिले में कर्मचारी सामूहिक गिरफ्तारी देकर जेल भरेंगे। शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर कर्मचारियों की 20वें दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही।
हड़ताल की अध्यक्षता जिला प्रधान कुलताज मलिक व मंच संचालन मुकेश कुमार ने किया। जिला प्रधान ने कहा कि सरकार मानी गई जायज मांगों को लेकर बार-बार टरका कर गुमराह कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री और वित्तमंत्री की आपसी खींचतान में असली मुद्दों से ध्यान हटाकर आंदोलन को दबाने की नाकाम कोशिश की जा रही है। एस्मा, धारा 144, झूठे मुकदमे, टर्मिनेशन और गिरफ्तारी से कोई डरने वाला नहीं है। सरकार जितनी कोशिश आंदोलन को दबाने की करेगी कर्मचारी उतनी मजबूती से खडे़ होंगे। अनिश्चितकालीन आंदोलन अधिसूचना जारी होने पर ही रुकेगा। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कर्मबीर सिवाच व संगठन सचिव प्रदीप जांगड़ा ने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ ने सीएम मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर इस मामले में दखल देने का आग्रह किया है। इस मौके पर सुभाष राणा, आजाद, रामेहर हुड्डा, महाबीर हुड्डा, हरबीर, बिजेंद्र, सुरेश नंबरदार, नरेश, जगबीर, प्रदीप, अजरुद्दीन, संदीप, अमित, आशीष आदि ने अपने विचार रखे।