सीएम ने पब्लिक हेल्थ को बताया पुअर, तो प्रशासन ने जांची व्यवस्था
एसडीएम : चार बूस्टिंग स्टेशनों पर लटके मिले ताले
एसई : बगैर सप्लाई के समय पर तो ताले ही मिलेंगे
फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। पेयजल समस्या पर जब सीएम तक बात गई तो उन्होंने पब्लिक हेल्थ विभाग की सर्विस को पुअर करार दिया, इसके बाद प्रशासन जागा और औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में एसडीएम राकेश कुमार को कई अनियमितताएं मिलीं। इसमें चार बूस्टिंग स्टेशन पर ताले लगे मिले तो कहीं पेयजल लीक मिला। इस पर जब अधीक्षण अभियंता आईसी जैन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि बगैर सप्लाई के समय यदि छापामारी होगी तो ताला ही मिलेगा।
शुक्रवार को आमजन की शिकायतों की जांच करने के लिए एसडीएम राकेश कुमार ने पब्लिक हेल्थ विभाग के कई स्थानों पर शुक्रवार को सुबह चार से छह बजे तक बूस्टिंग स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया। इसमें अधिकारी को पेयजल आपूर्ति को लेकर कई खामियां मिलीं। गोहाना अड्डा, पाड़ा मोहल्ला, जुलाहा चौक, डेयरी मोहल्ला, रैनकपुरा, हैफेड चौक, टीबी अस्पताल, सोनीपत स्टैंड व माता दरवाजा पर बूस्टिंग स्टेशनों का अधिकारी ने निरीक्षण किया। इसमें एसडीएम को जुलाहा चौक, डेयरी मोहल्ला, माता दरवाजा व रैनकपुरा के बूस्टिंग स्टेशनों पर ताला लगा मिला। रैनकपुरा बूस्टिंग स्टेशन में चार दिन में एक बार पेयजल आपूर्ति की बात सामने आई। टीबी अस्पताल के बूस्टिंग स्टेशन में प्रेशर मापने वाला यंत्र नहीं था और मोटर से जुड़ी पाइपलाइन लीक कर रही थी। इन खामियों के संबंध में प्रशासनिक अधिकारी ने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिख कर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि यदि व्यवस्था सही नहीं होती तो जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 133 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं जांच के दौरान अधिकारी को सलारा मोहल्ला में हरदयाल किरयाणा वाली गली, प्रदीप एमसी वाली, कच्ची गोहरी वाली गली व लोकी प्रधान वाली गली के लोग सुबह चुगन माता वाले स्थान पर लगे निजी पंप से पानी भरते मिले। इन लोगों ने एसडीएम को बताया कि उनके यहां पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। कार्यकारी अभियंता को लिखे पत्र में एसडीएम ने कहा है कि ऐसा लगता है कि पब्लिक हेल्थ अपने कार्य के प्रति गंभीर नहीं है। एसडीएम ने यह भी सवाल किया है कि क्यों न पानी के टैंकर सप्लाई करने का ठेका रद्द कर दिया जाए।
बोले अधिकारी
जिस समय सप्लाई का समय नहीं होगा, उस समय बूस्टिंग स्टेशनों पर ताला ही मिलेगा। जहां टेल एंड पर पानी नहीं जा रहा है वहां टैंकर से पानी भिजवाया जाता है। यदि टैंकर का ठेका रद होगा तो पानी की सप्लाई किससे होगी। इस संबंध में अधिकारी जानकारी के लिए कार्यकारी अभियंता से बात करेंगे कि झमेला क्या है।
- आईसी जैन, अधीक्षण अभियंता, पब्लिक हेल्थ