मलिक व सैनी समाज को मिलकर बांट रहे : सर्वखाप पंचायत
- जाट समाज के युवाओं की रिहाई न होने पर की चिंता व्यक्त
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
जाट आरक्षण संघर्ष समिति के नेता यशपाल मलिक और भाजपा सांसद राजकुमार सैनी सरकार से मिलीभगत करके समाज को बांट रहे हैं। लोगों का आह्वान है कि ऐसे नेताओं के बहकावे में न आएं। शनिवार को सनसिटी में हुई सर्वखाप पंचायत की मीटिंग में यह आग्रह किया गया।
खाप संयोजक महेन्द्र सिंह नांदल ने कहा कि मलिक और सैनी का एक ही एजेंडा है कि अपने हितों को कैसे साधा जाए। उन्हाेंने कहा कि अखिल भारतीय जाट आरक्षण समिति की आड़ में पहले भी चंदे का गलत प्रयोग किया गया है और आगे भी ऐसा ही होगा। अब जून में यशपाल मलिक गुट और सांसद राजकुुमार सैनी एक बार फिर सरकार से मिलकर सुनियोजित तरीके से समाज को बांटने का कार्यक्रम बना रहे हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
धर्मपाल हुड्डा ने कहा कि यशपाल मलिक ने बार-बार सरकार से समझौते किए, लेकिन उन्हें लागू नहीं किया गया। इस अवसर पर दहिया खाप प्रधान सुरेंद्र दहिया, सरोहा खाप प्रधान रणधीर सिंह सरोहा, महम चौबीसी प्रधान तुलसी ग्रेवाल, हुड्डा खाप पूर्व प्रधान धर्मपाल हुड्डा, रोहतक 84 खाप प्रधान हरदीप अहलावत, अहलावत खाप प्रधान जय सिंह अहलावत, जगबीर सिंह हुड्डा, रूहिल राठी खाप प्रधान तस्वीर राठी, कादियान खाप प्रधान केदार कादियान, सुनारियां सतगामा प्रधान राजकुमार बुधवार, आजाद सिंह, एड. राजकुमार हुड्डा, जगवीर सिंह व चांद राम भी मौजूद रहे।