ग्रामीणों के विरोध में मोखरा और मदीना में सांसद सैनी के कार्यक्रम रद्द
बोले- सरकार एक वर्ग के सामने टेक रही घुटने
नायब तहसीलदार ने सभा स्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों को लिखित में दी दौरा रद्द करने की सूचना, इसके बाद ही शांत हुए
अमर उजाला ब्यूरो
महम (रोहतक)
कस्बे के गांव मोखरा और मदीना में रविवार को होने वाले सांसद राजकुमार सैनी के कार्यक्रम एक वर्ग के विरोध के कारण रद्द कर दिए गए। कार्यक्रम का विरोध करने के लिए ग्रामीण अल सुबह ही सभास्थल पर एकत्रित होने शुरू हो गए थे। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए नायब तहसीलदार राजकुमार शर्मा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए मोखरा और मदीना का दौरा किया। इस दौरान उन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। मामला बिगड़ता देख उन्होंने इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी और ग्रामीणों को दौरा रद्द किए जाने के बारे में लिखित में आश्वासन दिया। इसके बाद ही ग्रामीण शांत हुए। वहीं सांसद सैनी का कहना है कि मोखरा और मदीना में कुछ लोगों ने उनके लिए कार्यक्रम तय किया था, लेकिन एक वर्ग के लोगों ने खून-खराबे का डर दिखाकर दूसरे वर्ग के लोगों को डरा-धमका कर उनका कार्यक्रम रद्द करवा दिया। प्रशासन और सरकार इस वर्ग के सामने घुटने टेक रही है।
ग्रामीणों ने भाईचारा खराब होने की जताई थी आशंका
शनिवार को तपा प्रधान रामकिशन मलिक, राजा, भगत, नफे, इंद्र सिंह, जग्गू, राजबीर, प्रताप, कर्ण सिंह, जिले सिंह, फूलकुमार, हरज्ञान ने नायब तहसीलदार राजकुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर दौरा रद्द करने की गुहार लगाई थी। ग्रामीणों ने सैनी के कार्यक्रम से गांव का भाईचारा खराब होने का हवाला दिया था। वहीं दौरा रद्द नहीं होने पर सड़क बंद करने की धमकी दी थी। इससे प्रशासन हरकत में आ गया था। प्रशासनिक अधिकारी शनिवार से ही हालात पर नजर बनाए हुए थे। रविवार को प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार को गांव में भेजकर स्थिति की जानकारी मांगी गई। ग्रामीणों के बढ़ते विरोध को देखते हुए आखिरकार सांसद सैनी का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है।
यह बोले सांसद सैनी...
सांसद सैनी ने कहा कि मोखरा और मदीना में कुछ लोगों ने कार्यक्रम तय किया था, लेकिन एक वर्ग के लोगों ने खून-खराबे का डर दिखाकर दूसरे वर्ग के लोगों को डरा-धमका कर कार्यक्रम रद्द करवा दिया। प्रशासन और सरकार इस वर्ग के लोगों के सामने घुटने टेक रही है। वहीं उन्होंने कहा कि एसपी ने परमिशन नहीं होने का हवाला देकर उन्हें यहां होने वाले कार्यक्रम में सुरक्षा देने से मना कर दिया। यह इस वर्ग की सरासर मनमानी है। इसमें सरकार भी सहयोग कर रही है। लोकतंत्र में सभी को बराबरी का हक है। सरकार और एक वर्ग के लोग लोकतंत्र का हनन कर रहे हैं।
फोटो कैप्शन-
18 एमएचएम 1महम के गांव मदीना में सैनी के विरोध में एकजुट ग्रामीण।
अब हुड्डा की किसान एकता नहीं जेल की यात्रा होगी शुरू : सैनी
सांपला (रोहतक)।
बीजेपी के सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि आज कांग्रेस की किसान एकता यात्रा नहीं ये तो मय्यत यात्रा है। वे रविवार को सांपला अनाज मंडी में हुए बैरागी सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम हुड्डा के खिलाफ तीन-तीन एफआईआर दर्ज हो चुकी है। हुड्डा जातिवाद-परिवारवाद की राजनीति कर रहे हैं। उनकी अब प्रदेश की यात्रा नहीं, जेल की यात्रा जल्द शुरू होने वाली है। उन्होंने नई पार्टी बनाने के बारे में कहा कि पहले जनता की राय जानी जाएगी, उसके बाद नई पार्टी का फैसला लिया जाएगा।
गंगा में डुबकी लगा रहे बीजेपी के विधायक, लेकिन कोई फायदा नहीं
सांसद ने अपनी ही भाजपा सरकार की पारदर्शी और ईमानदारी की छवि पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नौकरियों में ईमानदारी नहीं बरती जा रही है। पैसे वाले और पेपर ऑडिट कराए जा रहे हैं। ऐसे में शिक्षित युवा पिछड़ रहे हैं। उन्होंने बीजेपी के विधायक गंगा में डुबकी लगा रहे हैं, लेकिन कोई फायदा होने वाला नहीं है। इस मौके पर डॉ अशोक दीक्षित, सुरेश खत्री, वीरेंद्र स्वामी, बृजेश, प्रदीप कुमार, सहित क ई लोग उपस्थित थे।