अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
नगर निगम ने क्षेत्र में साफ सफाई के लिए एप्प लांच किया है। इसमें गंदगी के ढेर की फोटो अपलोड करने के 24 घंटे में सफाई होगी। यहीं नहीं सुपरवाइजर को वहां की सफाई करवाकर नया फोटो अपलोड करके जानकारी देनी होगी। नगर निगम ने सिलीगुड़ी, भोपाल और सूरत की तर्ज पर रोहतक में एप्प स्वच्छ मेप फॉर स्वच्छ भारत को लांच करके स्वच्छता अभियान में तेजी लाने की कवायद शुरू की है।
निगम ने एप्प स्वच्छ मेप फॉर स्वच्छ भारत लॉच की है। इसे निगम की बेवसाइट mcrohtak.gov.in या प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप्प ओपन करते ही लोकेशन के साथ फोटो डाउन का विकल्प आ जाएगा। कोई भी व्यक्ति किसी भी स्थान पर पड़े गंदगी के ढ़ेर की फोटो लेकर उसे ऐप के माध्यम से नगर निगम की वेबसाइट पर डाल सकता है। उन्होंने कहा कि एप्प से गंदगी के ढेर की फोटो तभी हट पायेगी, तब निगम के कर्मचारी वहां से साफ-सफाई करके दूसरी फोटो अपलोड करेंगे। प्रदीप कुमार ने कहा कि एप्प जारी करने का मकसद यही है कि लोगों को शिकायत दर्ज कराने के लिए अपना समय न बर्बाद करना पडे़ और इससे स्वच्छता के कार्य में तेजी आयेगी।
24 भागों में बांटा शहर, सुपरवाइजर की होगी जिम्मेदारी
योजना के तहत निगम ने शहर को 24 भाग में बांटा हुआ है। हर एरिया में एक सुपरवाइजर की जिम्मेदारी होगी। गंदगी का फोटो संबंधित सुपरवाइजर के मोबाइल में पहुंच जाएगा। उस सुपरवाइजर की जिम्मेदारी रहेगी कि वह सफाई करवाकर नया फोटो डाउनलोड करे।
हर रोज 57 टन कचरा निकलता है शहर में
निगम की 5 लाख से ज्यादा जनसंख्या हो गई है, जो 20 वार्डों में निवास करती है। सफाई के लिए निगम के पास 300 पक्के और 498 कच्चे कर्मचारी हैं। जबकि कूड़ा लिफ्टिंग और डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन का काम निजी एजेंसी को सौंपा हुआ है। एक अनुमान के अनुसार हर रोज 57 टन कचरा निकलता है, जिसे भिवानी रोड स्थित ठप पड़े सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट में डाला जाता है। निगम इस प्लांट को दूसरी कंपनी को देकर चालू करने की तैयारी कर रहा है।
वर्जन
स्वच्छता व सफाई पर निगम का विशेष फोकस है। मेट्रो शहरों की तर्ज पर रोहतक में भी एप्प लांच की गई है। आम और जागरूक शहरी युवा में इसमें महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
प्रदीप कुमार, आयुक्त नगर निगम
यहां चला सफाई अभियान
निगम की टीम ने शनिवार को पुलिस लाइन, कोर्ट रोड, रेलवे रोड, शास्त्री नगर और मानसरोवर पार्क क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान के तहत मलबे, खाली प्लाटों की सफाई, गलियों व नालों की सफाई तथा गंदगी के ढेर साफ किये गए। इसके साथ-साथ लोगों से भी अपील की गई कि वे गिले व सूखे कूड़े को अलग-अलग डस्टबीन में डाले। साथ ही वार्ड न बर 15 में खुले में शौचमुक्त करने, सूखे व गीले कूड़े को अलग-अलग रखने आदि के बैनर लेकर प्रभात फेरी भी निकाली गई।