अब गैर जाट इलाके अहीरवाल पर सैनी की नजर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी की नजर अब हरियाणा के सबसे बड़े गैर जाट इलाके अहीरवाल पर है। 26 नवंबर को जींद में होने वाली रैली को लेकर राजकुमार सैनी ने यहां दौरे बढ़ा दिए हैं। इसी क्रम में वह 27 अगस्त को बावल के कटला बाजार में एक कार्यक्रम करेंगे। लोकतंत्र सुरक्षा मंच के बैनर तले सांसद राजकुमार सैनी अहीरवाल पर अपनी नजरें गढ़ाएं हैं। जींद में होने वाली अपनी प्रदेश स्तरीय रैली का न्योता देने के लिए राजकुमार सैनी प्रदेशभर में दौरे कर जनसभाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में पिछले दिनों सैनी ने अहीरवाल के महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया था। इससे पूर्व अटेली, गुरुग्राम, दोहराकला, वजीरपुर आदि क्षेत्रों में भी दौरे किए हैं। अहीरवाल में राजकुमार सैनी की सक्रियता का मुख्य कारण यहां गैर जाट इलाके का होना है।
मजबूत चेहरे की तलाश
सूत्रों की मानें तो राजकुमार सैनी को अहीरवाल में मजबूत चेहरे की तलाश है। यूं तो कई लोग राजकुमार सैनी के संपर्क में है लेकिन बड़े चेहरों का कांग्रेस और भाजपा में होने से राजकुमार सैनी को अभी तक अहीरवाल से कोई मजबूत साथी नहीं मिल सका है। अभी सैनी की नजर अपनी 26 नवंबर की रैली पर टिकी है। इस रैली की सफलता ही जहां सैनी के आगामी राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेगी वहीं अहीरवाल में भी उनके मजबूत साथी की तलाश पूरी करेगी।
हुड्डा के बाद सैनी की नजर
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बाद राजकुमार सैनी की लगातार सक्रियता से अहीरवाल की राजनीति में भी काफी उथल-पुथल मचा रही है। यूं तो हुड्डा पहले भी अहीरवाल पर अपना खासा प्रभाव रखते थे। लेकिन रेवाड़ी उनकी पकड़ से बाहर था। लेकिन पिछले दिनों से रेवाड़ी में भी उनकी सक्रियता ने पूरे अहीरवाल में उनकी पकड़ बनाई। इसी तर्ज पर ही राजकुमार सैनी भी काम कर रहे हैं। पिछले दिनों रेवाड़ी में सैनी स्कूल में एक कार्यक्रम में आने के बाद वह अब रेवाड़ी के ही बावल में यह कार्यक्रम कर रहे हैं।