आर्य प्रतिनिधि सभा हरयाणा के प्रधान समेत कई पर मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान मास्टर रामपाल आर्य समेत अन्य लोगों पर सब्जी मंडी थाने में मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और जबरन घर में घुसने का केस दर्ज किया गया है। एक दुकानदार की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। आरोप है कि प्रधान ने अपने साथियों के साथ दुकान में घुसकर दुकानदार से मारपीट की है।
पुलिस को दी शिकायत में साईं दास कालोनी निवासी संजय कुमार ने बताया कि उनकी गोहाना रोड पर शीशे की दुकान है। दुकान का कुछ हिस्सा छत लोहे की चादर से बना हुआ है। छत से लोहे की चादर पुरानी व गली होने के कारण पानी बहता था। संजय ने बताया कि वह सोमवार सुबह दुकान की लोहे की चादर वाली छत की खराब चादर बदल रहा था। आरोप है कि उसी समय आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान मास्टर रामपाल आर्य, जितेंद्र, सर्वमित्र और सिक्योरटी गार्ड सहित अन्य लोग थे। सिक्योरिटी गार्ड के पास हथियार थे। संजय का आरोप है कि सभी जबरन उनकी दुकान में घुस गये और गाली गलौच करने लगे। जब संजय ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने संजय को दुकान से बाहर खींच लिया और उसके अपने आफिस की तरफ ले जाने लगे। जब संजय के साथ मारपीट हो रही थी तो उसका बेटा कैमरे से आरोपियों का फोटो खींचने लगा। संजय का आरोप है कि आरोपियों ने उसके बेटे के हाथ से कैमरा छीनकर तोड़ दिया। तभी पड़ोसी बीच बचाव में आ गये ओर दोनों को बचाया। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ की। फिर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गये। संजय ने मामले की शिकायत सब्जी मंडी थाने में की है। साथ ही पुलिस को मारपीट के फोटो भी सौंपे है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सभी आरोप निराधार हैं। जिस युवक ने आरोप लगाया है कि वह दयानंद मठ की दुकान की छत की टीन बदल रहा है। लंबे समय से किराया भी नहीं दे रहा। ऐसे में टीन बदलने से उसे मना किया गया। साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। पुलिस जांच में स्पष्ट हो जाएगा।
- मास्टर रामपाल आर्य, प्रधान आर्य प्रतिनिधि सभा हरयाणा