हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि केंद्र सरकार ने गलत ढंग से जीएसटी एक्ट लागू करके देश के व्यापारी और आम आदमी की कमर तोड़ने का काम किया है। इस फैसले का कांग्रेस पूरे देश में विरोध करती है और कपड़ा व्यापारियों सहित अन्य तमाम प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
डॉ. तंवर वीरवार को भगत सिंह चौक पर तीन दिन से जीएसटी के विरोध में हड़ताल पर बैठे कपड़ा व्यापारियों का समर्थन करने के लिए पहुंचे थे। बाद में उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली का पुतला भी फूंका। हड़ताली व्यापारियों को संबोधित करते हुए डॉ. तंवर ने कहा कि जिस तरह से रोटी मनुष्य की बुनियादी जरूरत है, ठीक उसी तरह कपड़ा भी बुनियादी जरूरत है मगर इस सरकार ने एक तरह से कफन पर भी टैक्स लगा दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को निकट भविष्य में मकान बनाकर देने की केंद्र सरकार की बातें भी वैसी ही हैं जैसी उसने रोटी, कपड़ा छीनकर की हैं। डॉ. तंवर ने कहा कि अंग्रेज के राज में विदेश से कपड़ा आता था और भारतीयों को टैक्स देना पड़ता था। हमारे क्रांतिकारियों ने विदेशी कपड़ों की होली जलाकर इसका विरोध किया था। आज केंद्र की क्रूर सरकार इसी तरह के फैसले कर रही है जिससे देश का आम आदमी बेहद परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी भी नोटबंदी की तरह जल्दबाजी में लिया गया निर्णय है। मोदी सरकार अंग्रेजों की तरह उपनिवेशवादी और साम्राज्यवादी शासन चला रही है जिसे किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी का मतलब है गई सरकार थारी। उन्होेंने कहा कि जल्द ही पानीपत में व्यापारियों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी जीएसटी लागू करना चाहती थी, जिसमें अधिकतम टैक्स 14 प्रतिशत तक था पर इस सरकार ने टैक्स 28 प्रतिशत तक कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नए नोट छापे बिना नोटबंदी लागू की गई थी ठीक उसकी प्रकार बिना तैयारी के जीएसटी लागू किया जा रहा है। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव नवीन केडिया ने कपड़ा व्यापारियों का समर्थन करते हुए कहा कि तंवर पूरे प्रदेश में जहां कपड़े पर जीएसटी लगाने का विरोध कर रहे हैं, वहीं उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में कांग्रेस नेताओं को कपड़ा व्यवसायियों का समर्थन करने का आग्रह भी किया है। कांग्रेस के युवा नेता विशाल वर्मा ने दिल्ली पुल पर जाकर अशोक तंवर का स्वागत किया और अपने साथियों के साथ हाथों में विरोधपूर्ण तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली के पुतले लेकर प्रदर्शन करते हुए रोडी बाजार से होते हुए सुभाष चौक पर पहुंचे जहां पर उन्होंने पुतले फूंककर नारेबाजी की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता ओमप्रकाश केहरवाला, शीशपाल केहरवाला, रमेश भादू, धर्मपाल खोखर, सुरजीत भावदीन, मलकीत सिंह खोसा, करनैल सिंह ओढां, कर्मचंद शर्मा, प्रताप खोड़, नगरपरिषद उपाध्यक्ष रणधीर सिंह, कुलदीप गदराना, प्रताप खोड, संगीत कुमार, अमित सोनी, नगर पार्षद ख्यालीराम, मोहन लाल फरवाईं, चंदन गाबा, यश खत्री, पवन डिंगवाला, सुभाष मेहरा, रामकुमार गुणपाल, केदार पाहवा, हीरालाल शर्मा, विजय धनूर, रूपिंद्र भाटिया, मनमोहन मिढ़ा, अनिल शर्मा, कुलदीप बाना, बलबीर जांगड़ा, कपिल सरावगी, राजेंद्र ढूकड़ा, पंकज चौहान, राजेश खत्री, उर्मिल भारद्वाज सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और व्यापारी नेता उपस्थित रहे।