रोहतक। भाजपा और कांग्रेस के बीच शहर में सियासी घमासान मचा हुआ है। सोमवार को कांग्रेसी रोशनलाल उप्पल को लेकर जमकर सियासी ड्रामा हुआ। जगमोहन मित्तल के शोरूम पर पूर्व सीएम हुड्डा के पुराने साथी रोशनलाल उप्पल ने हंसते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हाथों भाजपा का पटका पहन लिया। दो घंटे बाद वीडियो वायरल कर उप्पल बोले, मैं तो हुड्डा का पुराना सिपाही हूं।
लोकसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाने वाले शहर के की-वोटर को तोड़ने व जोड़ने के लिए दोनों दल दिन-रात जुगाड़बाजी में जुटे हैं। सोमवार को उस समय दोनों दलों के बीच सियासी माहौल ड्रामे में बदल गया, जब जगमोहन मित्तल के शोरूम में सीएम मनोहर लाल के सामने भाजपा का भगवा पटका पहनने के बाद बाहर आकर कांग्रेसी रोशन उप्पल बोले, मुझसे धोखा हुआ है। मैं तो पूर्व सीएम हुड्डा का पुराना सिपाही हूं।
भाजपा रोहतक सीट कांग्रेस से छीनने के लिए पूरा जोर लगाए हुए है। शहर में कांग्रेस को पटकनी देने के लिए सोमवार को सीएम मनोहर लाल के सात जगह चाय प्रोग्राम रखे गए। सुबह सीएम ने बाबरा मोहल्ला में ललित मग्गू, राहुल जैन, माता दरवाजा चौक पर वार्ड पार्षद पप्पन गुलिया, सुखपुरा चौक पर बलजीत सैनी, सोनीपत रोड स्थित जगमोहन मित्तल, विश्वकर्मा नगर स्थित वैश्य संस्था के पूर्व पदाधिकारी विजय गोयल, डी पार्क स्थित प्लाइवुड के कारोबारी आदिश जैन, मेयर चुनाव में हुड्डा से आशीर्वाद मांगने वाले राजीव गुगनानी के चचेरे भाई एवं स्लॉकर रोजरी स्कूल के संचालक रवि गुगनानी व बिमला पांचाल के घर सहित एक दर्जन जगह चाय की सियासी चुस्की ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने महम के निंदाना व फरमाणा गांव में जनसभा को संबोधित किया।
फरमाणा में सीएम की जनसभा में लगे कांग्रेस के नारे
उधर, महम हलके के मदीना, निंदाना के बाद सीएम फरमाणा गांव पहुंचे। वहां सीएम के भाषण के बाद भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने दीपेंद्र हुड्डा जिंदाबाद के नारे लगाए। पुलिस ने समय रहते युवकों को समझाकर शांत किया। कई युवक कहते नजर आए कि प्रदेश सरकार ने पिछले पांच साल में कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री पहली बार गांव आए हैं। मुख्यमंत्री कार में सवार होकर निकले तब भी युवक नारेबाजी करते नजर आए।
जगमोहन मित्तल मेरा दोस्त है। मुझे उन्होंने बुलाया था। मुझे क्या पता था कि सीएम का प्रोग्राम है। वहां पर जब बातचीत कर रहे थे। तभी राजू सहगल ने अपना पटका उतार कर मुझे सीएम के हाथों पहनवा दिया। मैं 1991 से पूर्व सीएम हुड्डा से जुड़ा हूं। कांग्रेसी हूं और रहूंगा।
-रोशन लाल उप्पल, कांग्रेसी
मैं और सहकारिता मंत्री चाय पी रहे थे। तभी रोशनलाल उप्पल आए। पार्टी ज्वाइन करने की बात चली। रोशनलाल उप्पल ने न केवल झुककर सीएम के हाथों पटका पहना, बल्कि हंसते हुए हाथ भी मिलाया। ऐसे में साफ है कि वे अपनी मर्जी से भाजपा में शामिल हुए हैं। किसी पर दबाव नहीं डाला जा सकता।
-राजू सहगल, भाजपा निगम पार्षद
ये भी आए भाजपा में
उधर, भाजपा का दावा है पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के खास रहे चतर सिंह पहलवान के बेटे मोहित राठी, कलानौर से 2009 में इनेलो के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले नागाराम वाल्मीकि के बेटे, सांगाहेड़ा के पूर्व सरपंच सुरेश व दो दिन पहले कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा की जनसभा में दिखाई देने वाली कांग्रेस की नेत्री विमला पांचाल भी भाजपा में शामिल हुई हैं। हालांकि जब बिमला पांचाल से बात की गई तो उनके परिवार के सदस्य ने फोन उठाया। बोला, बिमला पांचाल घर पर नहीं है।