रोहतक। एमडीयू के यूआईईटी में नकल के खेल पर चुनावी बादल छा गए हैं। इस कारण फिलहाल इस केस की फाइल पिछले कुछ दिनों से बंद पड़ी है। विवि की कमेटी जांच रिपोर्ट में लीपापोती की तैयारी कर चुकी है। इससे छात्र संगठनों में रोष है। यही नहीं इस केस की जांच कर रही सीएम फ्लाइंग भी सबूत की तलाशने के लिए विवि का रिकार्ड खंगालेगी। विवि को नोटिस जारी होने के बाद रिकार्ड सीएम फ्लाइंग के पास पहुंच गया है। चुनावी आहट के चलते फिलहाल सीएम फ्लाइंग राजनीति समीकरण समझने में व्यस्त है। ऐसे में चुनाव के बाद कार्रवाई की उम्मीद है।
सीएम फ्लाइंग ने जारी किया था नोटिस
बीटेक परीक्षा में नकल के खेल का मामला सीएम दरबार पहुंचने के बाद सीएम फ्लाइंग को जांच सौंपी गई। सीएम फ्लाइंग ने इस मामले में विवि को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। यही नहीं परीक्षा संबंधी रिकार्ड भी तलब किया गया था। यह रिकार्ड जांच टीम तक पहुंच गया है। इसमें टीम को खामियां भी मिली हैं। इस केस से जुड़े लोगों के बयान दर्ज करने के बाद अगली कार्रवाई फिलहाल रुकी हुई है। इसकी वजह चुनाव का आना बताया जा रहा है। चुनाव के बाद कार्रवाई की उम्मीद है।
विवादों से पुराना है एमडीयू का नाता
एमडीयू का नाता विवादों से नया नहीं है। विवि के भवन की छत पर 2200 उत्तर पुस्तिकाएं मिलने का मामला, उत्तर पुस्तिकाओं के बीच से पन्ने बदलना, उत्तर पुस्तिकाओं का रेहडी पर मिलना सरीखे मामले किसी से छिपे नहीं हैं। बाबा मस्तनाथ नगर में एक निजी कार्यालय में मिली 175 उत्तर पुस्तिकाओं के मामले से विवि फिर चर्चाओं में है।