रोहतक। शहर के कोटक महिंद्रा बैंक में डकैती डालने वाले बदमाशों के संबंध में पुलिस की जांच में अहम खुलासा हुआ है। गिरोह के गुर्गों ने प्री प्लानिंग के तहत वारदात को अंजाम दिया था। डकैती से पूर्व से ही गिरोह के गुर्गे रोहतक के सेक्टर-दो में किराये के मकान में रह रहे थे पुलिस ने बदमाशों का सामान भी बरामद किया है। सोमवार को पुलिस ने गैंग के चार गुर्गों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ कि तो यह बात सामने आई। अब पुलिस मकान मालिक से भी पूछताछ में जुटी है।
पिछले साल 31 दिसंबर की रात में शहर के कोटक महिंद्रा बैंक में राजेश बवाना और बुपनिया गैंग के सदस्यों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बाद में दोनों गैंगों के दस से अधिक गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया था। सीआईए-2 प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि गिरोह के भिवानी और झज्जर जेल में बंद गुर्गे अक्षय, अंकित समेत तीन को कोर्ट के आदेश पर रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात से करीब दो माह पहले से वह सेक्टर दो में शरण लिए हुए थे। रेकी के बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया है। लूटे गए रुपयों को सभी ने बराबर बराबर बांट लिया था। सीआईए-2 ने जल्द गिरोह के फरार सदस्यों को भी पकड़ने का दावा किया है।