साइकिल से गांव जाकर डाककर्मी ग्रामीणों को बताएंगे योजनाएं
-21 सदस्यीय क्लब हर रविवार को जाएगा गांवों की ओर
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। अब डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रविवार को साइकिल से गांव जाएंगे, जहां ग्रामीणों को डाक विभाग की जनहित की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों की योजनाओं को लेकर उठने वाली जिज्ञासाओं को भी शांत किया जाएगा।
डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 21 सदस्यीय क्लब का गठन किया जा रहा है, जिसमें अधिकारी और कर्मचारी होंगे। ये सभी सदस्य प्रत्येक रविवार को साइकिल से चिह्नित गांव में जाएंगे। गांव में डाक विभाग चौपाल लगाएगा, जहां ग्रामीणों को डाक विभाग से जोड़ा जाएगा। ग्रामीणों को बताया जाएगा कि डाक विभाग शुद्ध सरकारी महकमा है, जिसकी हर योजना जनहित की होती है। डाक विभाग का मकसद जनता से लाभ कमाना नहीं बल्कि छोटी-छोटी बचत के लिए प्रेरित करके आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्हें बताया जाएगा कि एक-एक पैसा करके जोड़ा गया धन कहां और किस तरह से इन्वेस्ट करें ताकि पैसा सुरक्षित भी रहे और दोगुना भी हो जाए। ग्रामीणों को बताया जाएगा कि वह अपने पाल्यों (बेटा-बेटी) के लिए कोई सी योजना ले सकते हैं ताकि जब वह बड़े हों तो पढ़ाई अथवा रोजगार के लिए किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़े। बेटी की शादी के समय किसी से उधारी नहीं लेना पड़े और बिना बोझ शादी हो जाए। अधिकारी बताते हैं कि ग्रामीणों को सुकन्या समृद्धि योजना, आरडी, पीपीएफ, अटल पेंशन योजना, सावधि जमा, मासिक आय योजना आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी।
-------
हर रविवार को क्लब के सभी सदस्य साइकिल से गांव की ओर जाएंगे, जहां केंद्र सरकार और डाक घर की योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराया जाएगा।
-डीवी सैनी, प्रवर डाकपाल