डीसी साहब! गर्मी बढ़ रही है, बच्चों की छुट्टियां कर दो
प्रतिदिन बढ़ रहे तापमान से परेशान अभिभावकों ने लगाई डीसी से गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। तापमान हर रोज बढ़ रहा है। इस कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अपने बच्चों को गर्मी के कहर से बचाने केलिए अभिभावकों ने डीसी डॉ. यश गर्ग से प्राइमरी स्कूल तक केबच्चों की छुट्टियां जल्दी करने की फरियाद लगाई है।
पिछले सप्ताह से शहर का तापमान हर रोज करीब 43 डिग्री से अधिक रहा है। तापमान में छोटे बच्चों को लू लगने का खतरा सबसे अधिक है। जिस समय प्राइमरी स्कूलों की छुट्टी होती है उसी समय सूर्य अपने चरम पर होता है। दोपहर की चिलचिलाती धूप में छोटे बच्चों के बीमार होने का सबसे अधिक खतरा रहता है।
बॉक्स--
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने भी माना की प्रदेश में गर्मी लगातार बढ़ रही है। प्रदेश के सभी जिला आयुक्तों को पत्र लिखकर स्कूलों के समय का समायोजन करने की बात कही है। निदेशालय ने जिला आयुक्तों को जिले के सभी चिकित्सा अधिकारियों को सरकारी विद्यालयों को मुफ्त ओआरएस उपलब्ध कराने की बात कही है।
------- पब्लिक टॉक -----------
डीसी साहब! नन्हे मुन्ने बच्चों पर रहम करो
गर्मी बहुत ज्यादा हो गई है जिस कारण बच्चों के बीमार होने का खतरा बना रहता है। मेरे बच्चे एलकेजी व दूसरी कक्षा में पढते हैं। जब वो स्कूल से वापस आते हैं तो हर रोज वो अपने नाना-नानी के घर जाने की जिद्द लगाते हैं। - अमरजीत, अभिभावक
हर रोज शहर का तापमान बढ़ रहा है। छोटे बच्चों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ता है जिससे उनके बीमार होने का खतरा बढ़ जाता है। मेरी लड़की दूसरी कक्षा में पढ़ती है जब वो स्कूल से घर आती है तो पसीने से पूरा तर-बतर रहती है। -अजय कुमार, अभिभावक