जांच के लिए फरियादी के पास आएगी भिवानी पुलिस
चरखी दादरी।
घिकाड़ा निवासी दिव्यांग संदीप को जांच के लिए अब तोशाम नहीं जाना पड़ेगा बल्कि भिवानी पुलिस पूछताछ के लिए शिकायतकर्ता के पास खुद दादरी आएगी। वहीं, बाढड़ा निवासी करण सिंह को भी आवेदन के दस माह बाद बुढ़ापा पेंशन सेवा का लाभ मिलेगा। इस संबंध में कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने चरखी दादरी लघु सचिवालय पहुंचे कृषिमंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने आदेश जारी किए हैं। बैठक में उन्होंने महज 34 मिनट में 12 परिवाद सुने और त्वरित कार्रवाई के आदेश जिला प्रशासन को दे दिए। इसके बाद उन्होंने करीब 45 मिनट तक खुला दरबार लगाकर करीब 150 फरियादियों की शिकायतें भी सुनी। बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे कृषि मंत्री ने फरियादी से लेकर विधायक व अधिकारियों तक पर चुटकी ली तो सभागार में हंसी के ठहाके गूंज उठे। वहीं, कृषिमंत्री की एक चुटकी पर फरियादी ने भी हरियाणवीं लहजे में ही पलटवार कर दिया।
कृृषिमंत्री ने लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार दोपहर 12 बजकर 17 मिनट पर परिवाद सुनने शुरू किए। पहले परिवाद में गांव घिकाड़ा निवासी संदीप ने गांव के सरपंच पर जबरन मकान तोड़ने सहित अन्य आरोप लगाए। कृषिमंत्री ने एसपी हिमांशु गर्ग से इस बारे में बात की और फरियादी को जल्द कार्रवाई के आदेश दे दिए। दूसरा परिवाद रामबास निवासी महिला दर्शना ने रखा। उसने पति की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। तीसरा परिवाद जावा निवासी एक पूर्व सैनिक लक्ष्मीनारायण ने कृषिमंत्री के सामने रखा। चौथा परिवाद शहर के पांचाला मौहल्ला निवासी प्रेमलता शर्मा का था लेकिन वो गैर हाजिर रही। पांचवां परिवाद इमलोटा निवासी लक्ष्मी देवी का था और वो भी बैठक में नहीं पहुंची। छठा परिवाद वार्ड 10 निवासी शर्मिला देवी ने सफाई से संबंधित रखा। नगर परिषद ईओ को कृषि मंत्री ने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सातवां परिवार ग्राम पंचायत समसपुर ने पेयजल किल्लत संबंधी रखा। इस संबंध में कृषिमंत्री ने एक्सईएन को तत्काल गांव का दौरा कर सभी समस्याओं के समाधान का इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। आठवां परिवाद बिजली चोरी से संबंधित था लेकिन शिकायतकर्ता जुर्माना राशि अदा कर चुका है। नौवां परिवाद बिजली निगम से संबंधित था और शिकायतकर्ता युद्धवीर ने निगम पर बिना अनुमति सफेदा के पेड़ काटने के आरोप लगाए। इस पर कृषिमंत्री ने एक कमेटी गठित कर युद्धवीर के नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए। दसवां परिवार तिवाला निवासी दृष्टिहीन राकेश ने रखा। उसने प्रदूषण नियंत्रक बोर्ड द्वारा शिकायत पर कार्रवाई न करने के आरोप जड़े। शिकायतकर्ता ने बताया कि क्रशर जोन के चलते उनकी खेती चौपट हो रही है और उसकी डेढ़ एकड़ जमीन पर महज एक क्विंटल टमाटर की पैदावार हुई है। 11वां परिवाद चांगरोड़ गांव में गलत पेंशन बनाने का था और जांच में शिकायत झूठी पाई गई। 12वां परिवाद भी जिला कल्याण समाज से संबंधित था और कृषि मंत्री ने शिकायतकर्ता बाढड़ा निवासी कर्ण सिंह की पेंशन बनाने के आदेश जारी कर दिए। इस अवसर पर बाढड़ा के विधायक सुखविन्द्र सिंह मांढी, दादरी के विधायक राजदीप फौगाट, हिसार के उपायुक्त अशोक मीणा, पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, एसडीएम ओमप्रकाश देवराला, नगराधीश मनीष कुमार फौगाट, भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशन शर्मा, जिला परिषद चेयरमैन रमेश ओला, सोमबीर सांगवान, चेयरमैन संजय छपारिया, चंद्रपाल सांगवान आदि मौजूद रहे।
बाक्स: एसपी साहब ना कहतै तो सौंप भी देता जांच...
कृषिमंत्री के सामने गुहार लगाते हुए घिकाड़ा निवासी संदीप ने कहा कि उसका मकान तोड़ने की जांच भिवानी पुलिस को सौंपी गई है और चलने-फिरने में असमर्थता के चलते वह हर सप्ताह तोशाम नहीं जा सकता। इसलिए मामले की जांच दादरी पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग से कराई जाए। फरियादी की बात पर एसपी ने कहा कि मामले की जांच दादरी पुलिस कर चुकी है और जांच में आरोप सही पाए गए और सदर थाने में सरपंच के खिलाफ मामला भी दर्ज है। यह सुनकर कृषि मंत्री फरियादी से बोले कि अगर एसपी साहब ना कहते तो शायद जांच सौंप भी देता लेकिन अब ऐसा नहीं करूंगा। फरियादी को समस्या न आए इसके लिए जांच करने के लिए अब भिवानी पुलिस ही दादरी आएगी।
आईजी से सीएम कार्यालय तक चक्कर काटे, नहीं मिला न्याय
कष्ट निवारण समिति की बैठक में रामबास निवासी सुनील की मौत का मामला भी उठा। मृतक के परिजनों ने कृषिमंत्री को बताया कि पिछली बैठक में भी आपको पूरे प्रकरण से अवगत कराया था। 13 अगस्त को सुनील का शव पुलिस ने कुएं से बरामद किया था और इस मामले में पांच लोगों पर हत्या का केस दर्ज है लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि आईजी से लेकर सीएम कार्यालय तक के चक्कर काट चुके हैं। एसपी ने बताया कि पॉलीग्राफी रिपोर्ट के लिए वो रिमाइंडर डाल चुके हैं और एक माह के रिपोर्ट आने की संभावना है। रिपोर्ट में अगर हत्या की बात सामने आई तो तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।
मैं बेशक मर जाऊं, मेरी बेटियों की सुरक्षा का इंतजाम करा देना
वार्ड 10 निवासी महिला शर्मिला देवी कृषिमंत्री के सामने अपनी शिकायत रखते हुए भावुक हो उठी। उसकी आंखों से आंसू निकल आए। उसने बताया कि उनके पड़ोसियों ने नगर परिषद की जमीन पर शौचालय, बाथरूम व पानी की टंकी का अवैध निर्माण किया है। परेशानी होने पर उन्होंने इसका विरोध किया तो उसके परिवार को धमकी दी जा रही है। महिला ने कहा कि वो भले ही मर जाएं लेकिन उसकी बेटियों की सुरक्षा के इंतजाम जरूर करवा देना। इस पर कृषिमंत्री ने नगर परिषद को मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए।
बाक्स: धनखड़ को मिला चुटकी का जवाब चुटकी से
राजस्व विभाग के खिलाफ एक फरियादी शिकायत करने पहुंचा तो उसे गुस्से में देखकर कृषिमंत्री ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि आजकल अपनी पत्नी के अलावा अन्य किसी का गुस्सा कोई सहन नहीं करता। यह सुनकर सभी खिलखिला उठे। इस दौरान लाइन में खड़े एक फरियादी ने पलटवार करते हुए कहा कि धनखड़ साहब हमें तो अपनी पत्नी से भी डर नहीं लगता।