एमडीयू ने 45 खेलों की स्पर्धाएं जीत कर स्थापित किया कीर्तिमान
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय के खेल कैलेंडर में शामिल मुकाबलों में एमडीयू रहा अव्वल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक
एमडीयू की टीम ने दसवीं बार अखिल भारतीय अंतर विवि कोर्फ बॉल स्पर्धा जीत कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। ओसमानिया विवि हैदराबाद में हुई इस स्पर्धा में एमडीयू ने मेजबान ओसमानिया विवि को 8-3 के अंतर हराया। इसके साथ ही एमडीयू खेल कैलेंडर में शामिल खेलों में से एक ही साल में 45 मुकाबले जीतने वाला विश्वविद्यालय बन गया है।
कोर्फ बॉल टीम के मुख्य प्रशिक्षक एवं कोर्फ बॉल राष्ट्रीय संघ के कोषाध्यक्ष आशोक कुमार, प्रशिक्षक देव बलहारा, मैनेजर नितीश कुमार ने बताया कि एमडीयू की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए पहले मैच में आरटीएम नागपुर को 18-3 से, दूसरे मैच में जम्मू विवि को 4-2 से, दिल्ली विवि को 12-5 से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में ओसमानिया विवि हैदराबाद से 8-3 के अंतर से मुकाबला जीता। विजयी टीम के विवि पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।
खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल ने कहा कि विवि अब तक 45 खेलों में विजय हासिल कर चुका है। अब आने वाली छह प्रतियोगिताओं पर नजर है। इतने मुकाबले कभी किसी विवि ने नहीं जीते हैं। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। विवि कुलपति प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया ने विजेता टीम को सफलता के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर प्रोफेसर राजेंद्र प्रसाद गर्ग, महेंद्र सिंह पुनियानी, मुकेश गोयल, नरेश हुड्डा, मनीष, अशोक कुमार, विजय कुमार मौजूद रहे।