मांगों के लिए आंगनबाड़ी वर्करों ने किया प्रदर्शन, शव यात्रा निकालकर फूंके पुतले
चरखी दादरी।
लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रही आंगनबाड़ी वर्करों ने सोमवार को रोज गार्डन में बैठक करने के बाद शहर में प्रदर्शन किया और पीएम और सीएम के पुतलों की शव यात्रा निकाली और परशुराम चौक पर उनके पुतले भी फूंके। इसके बाद शहर में रोष प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से हर रोज आंगनबाड़ी वर्कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष जाहिर कर रही हैं।
आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर विरोध सोमवार को प्रदर्शन में भाग लेने के लिए रोज गार्डन में एकत्र हुई। इस दौरान जिला प्रधान राजवंती फौगाट की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में वक्ताओं ने आंगनबाड़ी वर्करों को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की जानकारी दी। इसके बाद आंगनबाड़ी वर्करों ने रोज गार्डन के सामने से पीएम व सीएम के पुतलों की शवयात्रा निकाली और परशुराम चौक पर पुतलों का दहन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी वर्करों ने प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी पर नारेबाजी कर अपना रोष जाहिर किया।
जिलाध्यक्ष राजवंती फौगाट ने मांग की कि जब तक सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्थायी नहीं करती तब तक उनका 18 हजार रुपये मानदेय किया जाएं। उन्होंने कहा कि अगर मांगे नहीं मानी गई तो जिले के अधिकारियों और देश व प्रदेश की सरकार का घेराव किया जाएगा। जिला महासचिव अनिल श्योराण ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्करों की ओर से लगातार सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उनकी लड़ाई साफ है कि या तो उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए अन्यथा उन्हें न्यूनतम वेतनमान दिया जाए अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उनका आंदोलन सड़क से उतरकर रोड जाम तक पहुंच सकता है। बाढड़ा ब्लॉक प्रधान चंद्रकला ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पर आरोप लगाया कि वो आंगनबाड़ी वर्करों को बेरोजगार करना देना चाहती हैं इस मौके पर अध्यापक महासंघ के प्रदेश महासचिव संजीव मंदौला, सत्यवान शास्त्री, उर्मिल, मुन्नी दुधवा, शशि कौशिक, ऊषा सांजरवास, सुदेश बिलावल, सुनील डुडीवाला, शर्मिला, वेदकौर, सुनीता पिचौपा, संतोष, रामौतारी झोझू, बिमला, शकुंतला, दयाकौर, सुलक्ष्णा, सुंदरा देवी, अनिता, नीलम, विद्या देवी, गीता, सीमा, रेणू, जीवणी, सुशीला कलियाणा, किताबो सांकरोड़, इन्द्रावती, मुकेश रामलवास, जगमेंद्र छिल्लर आदि उपस्थित थे।