बेलगढ़ में जारी है अवैध खनन, अफसर कह रहे पता नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
खिजराबाद। बेलगढ़ क्षेत्र में खनन पर प्रतिबंध है, मगर यहां धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। यमुना नदी के क्षेत्र में दिन रात जेसीबी के जरिये अवैध खनन होता यहां आम है, मगर अफसरों को नजर नहीं आता, पूछने पर कहते हैं पता नहीं। यह हाल तब है जब ग्रामीण आला अफसरों विधानसभा अध्यक्ष तक से इस क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगवाने की गुहार लगा चुके हैं। ग्रामीणों का तो यहां तक कहना है कि, खनन कराने वालों को बड़े राजनेताओं तक का संरक्षण है, यदि बेलगढ़ नदी में हो रहे अवैध खनन की सीबीआई जांच हो तो कई बडे़ राजनेता फंस सकते हैं।
बेलगढ क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर ग्रामीण कई बार विभागीय अधिकारियों से लेकर विधानसभा अध्यक्ष तक को अवगत करा चुके हैं। इसके बावजूद यहां अवैध खनन बदस्तूर जारी है। अवैध खनन करने वाले सरकार और प्रशासनिक कार्रवाई की कोई परवाह नहीं करते और अधिकारियों के चले जाने के बाद दोबारा खनन का काम करने लगते हैं। ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष से गुहार लगाई थी कि बेलगढ़ में हो रहा अवैध खनन बेलगढ यमुना की पटड़ी के पास के गांवों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। बेलगढ़ बांध से अवैध खनन से भरे वाहन गुजरते हैं जिससे पटड़ी के लिए भी खतरा है। इससे बारिश में बेलगढ़ पटड़ी को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा सरकार की ओर से बेलगढ पटड़ी पर खर्च किए गए करोड़ों रुपये पानी में बह सकते हैं।
चेक कराता हूं
इस बारे में माइनिंग डायरेक्टर संजय जून से बात की गई तो उन्होंने कहा कि बेलगढ़ में अवैध खनन की उन्हें जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हो रहा है तो मैं अभी चेक कराता हूं और जो भी कार्रवाई बनती है वो कराता हूं।