अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
कला एवं सांस्कृतिक विभाग की ओर से प्रदेश की स्वर्ण जयंती के अवसर पर जिला एवं राज्य स्तरीय स्वर्ण जयंती ब्रास बैंड प्रतियोगिता होगी। रेवाड़ी में इसका आयोजन 20 से 22 जुलाई तक होगा। उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने बताया कि इसके तहत चार विभिन्न वर्गों के बैंड ग्रुप के आवेदन आमंत्रित किए हैं। पहले वर्ग में सभी व्यवसायिक एवं अव्यवसायिक बैंड ग्रुप के लिए ओपन कैटेगरी, दूसरे वर्ग में सशस्त्र बल, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के बैंड, तीसरे वर्ग में राजकीय विद्यालयों के बैंड तथा चौथे वर्ग में निजी व केंद्रीय विद्यालयों के बैंड भागीदारी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर विजेताओं को दो लाख रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए विभिन्न वर्गों के बैंड ग्रुप से 15 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 8 से 11 अगस्त तक पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में कराई जाएगी। प्रत्येक बैंड ग्रुप की प्रस्तुति के लिए 10 मिनट दिए जाएंगे। जिसमें उन्हें अपनी पसंद का एक देशभक्ति गीत प्रस्तुत करना होगा। बैंड ग्रुप ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन ब्रासबैंड कंपीटीशन एट जीमेल डॉटकॉम पर करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त सीधे आवेदन के लिए डीआईपीआरओ (जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी) कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है। प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी हरियाणा स्वर्ण जयंती डॉट ओआरजी की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।