गोदामों में नहीं मिलीं अनियमितताएं
चरखी दादरी।
गड़बड़ी की आशंका पर शहर के तीन गोदामों पर सीएम फ्लाइंग द्वारा सोमवार को की गई छापामारी में कोई अनियमितताएं सामने नहीं आईं। यहां के रिकॉर्ड व स्टॉक के मिलान के बाद टीम वापस लौट गई। इससे पहले टीम की जांच देर रात तक चली। हालांकि मंगलवार को भी सीएम फ्लाइंग के डर से मिल संचालकों व गोदाम मालिकों में अफरा तफरी मची नजर आई।
गौरतलब है कि सीएम फ्लाइंग ने सोमवार को मार्केट कमेटी अधिकारियों के साथ मिलकर शहर के तीन अनाज गोदामों पर छापामारी की थी। घिकाड़ा रोड स्थित अनाज गोदाम से इसकी शुरुआत हुई थी। यहां टीम ने करीब दो घंटे लगाकर यहां रखे स्टॉक व रिकॉड की जांच की थी। इस दौरान यहां सब कुछ दुरुस्त पाया गया था। इसके बाद सीएम फ्लाइंग शंकर कॉलोनी में छापामारी करने पहुंची थी। यहां भी टीम को कोई अनियमितताएं नजर नहीं आई। इसके बाद तीसरा छापा नील फैक्टरी में मारा गया था। यहां देर रात तक टीम ने रूककर रिकॉर्ड व स्टॉक रजिस्टर खंगाले लेकिन कुछ भी गलत नहीं मिला। टीम अधिकारी एसआई राजबीर सिंह ने शाम 7 बजे तक घिकाड़ा रोड गोदाम व शंकर कॉलोनी गोदाम की जांच पूरी कर ली थी जहां कोई गड़बड़ नहीं मिली। इसके बाद टीम अधिकारी देर शाम तक नील फैक्टरी का स्टॉक व रिकार्ड मिलाने में लगे रहे जिसमें भी टीम को कोई गड़बड़ नहीं मिली।