फाइनेंसरों ने पिता छीन लिया, अब पुलिस कार्रवाई भी नहीं कर रही
भिवानी।
फाइनेंसरों के दबाव में उसके पिता राजकुमार ने आत्महत्या की। पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया लेकिन एक माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। न आरोपी पकड़े गए और न ही अन्य कोई जांच की गई। उन्हें मौत के सही कारण भी नहीं बताए गए है। ये आरोप अंबेडकर कॉलोनी वासी युवक विक्रम ने सीएम विंडो पर दी शिकायत में लगाए हैं। विक्रम ने शिकायत में मामले की जांच कराने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि 13 मई को अंबेडकर कॉलोनी वासी राजकुमार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
मृतक के बेटे विक्रम ने बताया कि फाइनेंसर की ओर से उसके पिता को बार-बार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। पिता की मौत से करीब दो दिन पहले भी एक आरोपी युवक पिस्तौल लेकर उनके घर आया था। पिता के साथ गाली-गलौच करने के अलावा धमकी देकर गया। जिसके बाद 13 मई को उसके पिता ने यह कदम उठाया। उनके पास एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 273, धारा 306 के तहत थाना शहर में मामला दर्ज किया। मुकदमा दर्ज करने बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सभी आरोपी उनके घर के आसपास चक्कर लगाते रहते हैं और मुकदमा वापस लेने की धमकी देते है। ऐसा नहीं करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हैं। विक्रम ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले को लेकर जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, शहर थाना प्रबंधक, विधायक घनश्याम सर्राफ व सीएम विंडो के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है। इस मौके पर संजय कुमार, शुभम, अरून, विनोद शेखावत, विक्रम कुमार आदि मौजूद रहे।