पूर्ण मार्केट में भिड़े दो गुट, आधा घंटे मचाया हंगामा
चरखी दादरी।
पूर्ण मार्केट में दबंगों का आतंक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। बुधवार को मार्केट व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन के बाद वीरवार सुबह यहां दो गुट फिर से झगड़ पड़े। इन दोनों गुटों के युवाओं ने करीब आधे घंटे तक यहां उत्पात मचाया। इतना ही नहीं बस स्टैंड चौकी पुलिस को भी यह तीस कदम की दूरी तय करने में 30 मिनट का समय लग गया। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों गुटों के युवा मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद सिटी थाना प्रभारी ने यहां एक स्थायी राइडर तैनात कर दी है। इसके अलावा मार्केट दुकानदार से मारपीट करने व धमकी देने के मामले में तीन नामजद सहित सात अन्य पर मामला दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि मंगलवार को कुछ दबंग युवकों ने मार्केट में बवाल काटा था। उन्होंने दो दुकानदारों से मारपीट की थी और इसके बाद मामले का बीचबचाव करने आए एक अन्य दुकानदार चरखी निवासी विनोद उर्फ बंशी के घर जाकर जान से मारने की धमकी दी थी। युवकों की दबंगई से खफा मार्केट व्यापारी बुधवार सुबह दुकानें बंद कर एसपी सुनील दलाल से मिलने पहुंचे थे। इस मामले पर एसपी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सिटी थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दे दिए। इन पर अमल करते हुए सिटी थाना पुलिस ने मुकेश, मोहित व पवन सहित कुछ अन्य युवकों पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन: मामले की जानकारी मिलते ही मैंने तुरंत बस स्टैंड चौकी टीम को मौके पर भेज दिया था। पुलिस के पहुंचने से पहले युवक फरार हो गए थे। हम उक्त युवकों का सुराग लगाने का प्रयास कर रहे हैं। मार्केट में एक राइडर भी तैनात कर दी गई है।
विकास ओलहान, सिटी थाना प्रभारी