गोदाम में फंदे से लटका मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के एक निजी स्कूल के सामने एक बंद पड़े गोदामनुमा प्लॉट में युवक फंदे से लटका मिला। मृतक के पास से सुसाइड नोट की फोटोकॉपी बरामद हुई है। गोकल गेट पुलिस चौकी ने पोस्टमार्टम के लिए शव मोर्चरी में रखवा दिया। मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला केबल बाजार निवासी हीरालाल (30) वीरवार शाम से घर से लापता था। शुक्रवार सुबह उसका शव जैन स्कूल के सामने एक बंद गोदाम के अंदर दीवार के साथ लटका मिला। आसपास के लोगों की सूचना पर प्लॉट मालिक और पुलिस मौके पर पहुंची। शव उतारने के बाद तलाशी ली तो मृतक के पास से एक सुसाइड नोट की फोटोकॉपी बरामद हुई। इसमें किसी महिला से जुड़ा मामला था। सुसाइड नोट की भाषा काफी अस्पष्ट थी। हालांकि शिनाख्त के बाद मामले में काफी खुलासा हुआ। पुलिस ने मामले में फिलहाल सामान्य कार्रवाई की है।
सुसाइड नोट में मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल सामान्य कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। - एएसआई सुरेंद्र कुमार, जांचकर्ता, गोकल गेट पुलिस चौकी