पेट्रोल पंपों की हड़ताल स्थगित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। देशभर में पेट्रोल और डीजल का बिक्री दाम प्रतिदिन बढ़ाए जाने की प्रक्रिया के विरोध में घोषित हड़ताल स्थगित हो गई है। इस मुद्दे पर बुधवार देर रात तक मुंबई में तेल मंत्री और तीनों सीएमडी, ईडी और डीलर एसोसिएशन की बैठक हुई है। इसमें हुई बातचीत के बाद ही हड़ताल स्थगित की गई है।
रोहतक पेट्रोल पंप एसोसिएशन के भारत भूषण गोयल ने बताया कि मंत्री की ओर से बैठक में आश्वासन मिला है कि तेल की कीमतों में मूल्य परिवर्तन आधी रात की बजाय सुबह छह बजे किया जाएगा। इसके अलावा एक माह बाद डीलरों को होने वाले नुकसान की समीक्षा होगी और इसे रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा सभी पेट्रोल पंपों पर पूर्ण स्वचालन का कार्य युद्ध स्तर पर होगा। उन्होंने ओएमसी को ऑटोमेशन पर रोडमैप तैयार करने और डीलर्स एसोसिएशन के साथ चर्चा करने के लिए कहा गया था। इस संबंध में एक माह में मंत्री ने रिपोर्ट तलब की है।