रोहतक। शहर के डी पार्क स्थित होटल में देह व्यापार कराने के मामले में पीजीआई थाना पुलिस की जांच और पूछताछ में कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। गिरोह का सरगना दिल्ली का रहने वाला है। वह दिल्ली से ही हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार ओर उत्तराखंड में आर्डर पर वेश्यावृत्ति के लिए महिलाओं से लेकर युवतियों को भेजता है। कई विदेशी युवतियों के पासपोर्ट भी गिरोह के सरगना ने ही जब्त किए हुए हैं। उधर, पुलिस ने कांग्रेस नेता के दूर के रिश्तेदार जतिन बत्रा से पूछताछ की। पूछताछ में कई अहम जानकारी हाथ लगी है।
10 से अधिक नंबर प्रयोग करता है गिरोह का सरगना
पुलिस सूत्रों के अनुसार दिल्ली में बैठा गिरोह का सरगना दस से अधिक फर्जी आईडी पर लिए गए नंबरों का प्रयोग करता है। रोहतक के अलावा पानीपत, सोनीपत, कैथल, भिवानी समेत विभिन्न जिलों ंके लोग गिरोह के सरगना और उसके गुर्गों के संपर्क में रहते है। सरगना मिलने से साफ इनकार कर देता है। उज्बेकिस्तान की पकड़ी गई विदेशी महिला ने पासपोर्ट ओर वीजा गिरोह के सरगना के पास ही होने का खुलासा किया था। पुलिस को एक मोबाइल भी बरामद हुआ है। जिसमें पचास से अधिक नंबर बरामद हुए है। पुलिस नंबरों के आधार पर भी गिरोह के सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। पुलिस अभी गिरोह के सरगना का खुलासा नहीं कर रही है।
आर्डर पर पहली बार रोहतक भेजी गई थी विदेशी युवती
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि उज्बेकिस्तान की पकड़ी गई युवती को पहली बार ही रोहतक के होटल में भेजा गया था। इससे पूर्व में उसे कई बार दिल्ली और आसपास क्षेत्र में भेजा जा चुका था मगर शहर में पहली बार में ही युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
खुद को डॉन बताता है गिरोह का सरगना
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि गिरोह का दिल्ली निवासी सरगना खुद को डॉन बताता है। गिरोह के गुर्गों से भी वह फोन पर कोड वर्ड में बात करता है। गुर्गों से भी मिलना भी पसंद नहीं करता है। सरगना के किसी फ्लैट के बारे में भी पुलिस को जानकारी हाथ लगी है। पुलिस ने जल्द गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने का दावा किया है।
हर माह पचास से 80 हजार का दिया जाता है झांसा
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि गिरोह का सरगना विदेशी महिलाओं का प्रतिमाह पचास से लेकर अस्सी हजार रुपये तक देने का झांसा देता है। वेश्यावृत्ति के लिए महिला को 15 से बीस हजार में भेजा जाता है।
यह था मामला
पीजीआई थाना पुलिस ने डी-पार्क स्थित होटल में पांच दिन पहले छापा मारकर उज्बेकिस्तान की एक, दिल्ली की दो, यूपी की एक युवती व रोहतक के एक युवक को वेश्यावृत्ति के मामले में पकड़ा था। इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें कांग्रेस नेता के दूर का रिश्तेदार जतिन बत्रा भी शामिल था। पुलिस होटल मालिक समेत अन्य तीन आरोपियों की चार दिन से तलाश कर थी। पीजीआई थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी होटल मालिक जतिन को मॉडल टाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
वेश्यावृत्ति कराने वाले गिरोह के संबंध में अहम जानकारी हाथ लगी है। जल्द ही गिरोह का पूरी तरह से भंड़ाफोड़ कर दिया जाएगा। सरगना को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। -जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी