रोहतक। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का दावा है कि 28 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। यह 2018 का सबसे ठंडा दिन होगा। आने वाले दिनों में धुंध की घनिष्ठता बढे़गी और यातायात संचालन में समस्या होगी।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 17.4 तो न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री तक दर्ज किया गया। दिन में धूप खिलने के चलते लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम ढलते ही ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया। देर रात आउटर एरिया में धुंध की चादर छा गई, इसके चलते मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग की मानें तो 29 व 30 दिसंबर को चार डिग्री न्यूनतम व 31 दिसंबर को तीन डिग्री न्यूनतम तापमान होने की उम्मीद है। इसके साथ ही शहर के बाहरी एरिया में धुंध बनी रहेगी।