फोटो सहित एसएनजे छह
गोल्ड स्मिथ एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की बैठक में शिरकत करते सर्राफा व्यापारी।
एसएनजे सात
गोल्ड स्मिथ एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की बैठक में अपने विचार रखते हेमंत बख्शी।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मंच पर प्रदेश के सर्राफा दिग्गज एकजुट
व्यापारियों को जानमाल की सुरक्षा के लिए किया जाएगा जागरूक : बख्शी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। हरियाणा स्टेट बॉडी के नवनियुक्त निदेशक हेमंत बख्शी ने कहा कि सर्राफा व्यापारियों के साथ आए दिन हो रही घटनाओं के मद्देनजर चंडीगढ़ में उच्च अधिकारियों के साथ मीटिंग रखी जाएगी। इसमें उन सर्राफा व्यापारियों को जागरूक किया जाएगा, जिनके पास सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरा, हूटर व सामान रखने के लिए पर्याप्त मानकों की मजबूत सेफ नहीं है। इन सभी को जान माल की रक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा।
हेमंत बख्शी शनिवार को एक होटल में गोल्ड स्मिथ एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की ओर से इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तर के सर्राफा व्यापारियों के कार्यक्रम में अपने विचार रख रहे थे। इसमें बतौर मुख्य अतिथि इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव सुरेंद्र मेहता ने भाग लिया। इसमें सर्राफा व्यापारियों को संस्था के बारे में अवगत करवाया गया और बताया गया कि किसी भी व्यापारी को राह चलते किसी भी विभाग के अधिकारी परेशान नहीं कर सकते। इसके अलावा न ही अधिकारियों की ओर से उसके माल की तलाशी ली जा सकती है। व्यापार वृद्धि की टिप्स देते हुए मेहता ने कहा कि अगर आपको व्यापार में वृद्धि करनी है तो आपको ग्राहक की पसंद को समझना बहुत जरूरी है। इसके अलावा जितना आप अपने व्यापार को एक नंबर में सरकार को टैक्स देकर करेंगे उतना आपको खुलकर व्यापार करने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार वर्मा ने कहा कि जिन डायरेक्टर्स की नियुक्ति एसोसिएशन की ओर से प्रदेश में की गई है। जल्द ही उनकी एक कमेटी गठित करके प्रदेश के सर्राफा व्यापारियों को एक छत के नीचे लाने का प्रयास किया जाएगा। इससे भविष्य में वे किसी भी प्रकार की समस्या आने पर एकजुट हो सकेंगे। इस अवसर पर भिवानी, गुड़गांव, अंबाला, पानीपत, पंचकूला, चंडीगढ़, हिसार, रेवाड़ी, पिंजौर, कालका, झज्जर आदि से आए सर्राफा व्यापारी व संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भाग लिया।