फोटो सहित..........
फ्लैग : 7 करोड़ में बने शहीद भगत सिंह कॉमर्शियल एवं पार्किंग कांप्लेक्स के चलने की उम्मीद जगी
हेडिंग : 11 जुलाई को रेट तय करेंगी मंडल आयुक्त, खुली बोली से दी जाएगी पार्किंग व शॉप
- एक साल दो माह पहले सीएम मनोहर लाल ने किया था कांप्लेक्स का उद्घाटन
- 2010 से कर रही है शहर की जनता कांप्लेक्स के चालू होने का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सात करोड़ में बनकर तैयार हुए शहीद भगत सिंह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग स्थल के चालू होने की फिर उम्मीद जगी है। डीसी की रिपोर्ट के बाद मंडल आयुक्त पंकज यादव ने 11 जुलाई को अधिकारियों की डीसी कार्यालय में मीटिंग बुलाई है, जिसमें डीसी व निगम आयुक्त भी शिरकत करेंगे। मीटिंग में निगम की तरफ से कॉम्प्लेक्स व पार्किंग के संचालन के सरकारी रेट तय किए जाएंगे। साथ ही मंडल आयुक्त सरकार की तरफ से तय करेंगे कि कॉम्प्लेक्स की दुकानें व पार्किंग लीज या किराये पर कितने दिनों के लिए दी जाएं।
दिल्ली गेट स्थित भगत सिंह पार्क को तोड़कर 2010 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार की अनुमति से निगम ने कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने का फैसला किया था। निगम ने सात साल में सात करोड़ की लागत से पीडब्ल्यूडी से बिल्डिंग को तैयार करवाया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने 4 अप्रैल 2017 को पर्दा हटाकर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया, जबकि शिलान्यास सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, तत्कालीन विधायक भारत भूषण बतरा ने किया था। उद्घाटन के एक साल तीन माह बाद भी निगम संचालन तो दूर, रेट तक तय नहीं कर सका है।
अधिकारियों में इच्छा शक्ति नहीं या कुछ और...
मैंने हाउस में कई बार कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग स्थल को चालू करने की मांग की। यहां तक रिपोर्ट बनाकर निगम के तत्कालीन आयुक्त एवं डीसी अतुल कुमार को भी सौंपी। इसके बावजूद आज तक कॉम्प्लेक्स को चालू नहीं किया जा सका। क्योंकि अधिकारियों में या तो इच्छा शक्ति की कमी है या उन्हें ऐसा करने से किसी ने रोका हुआ है।
- नीरा भटनागर, निगम पार्षद
....
व्यापारियों की हितों की अनदेखी
किला रोड के व्यापारी चाहते हैं कि जल्द पार्किंग स्थल चालू किया जाए, ताकि व्यापारी व ग्राहक अपने दुपहिया वाहनों को खड़ा कर सकें। अब भी दुपहिया वाहन खड़े किए जाते हैं, लेकिन निगम सुरक्षा की गारंटी नहीं लेता। दूसरा, अंडरग्राउंड पार्किंग में महिला ग्राहकों के लिए न सुरक्षा की व्यवस्था है और न ही सफाई की तरफ किसी का ध्यान है।
- बिट्टू सचदेवा, प्रधान किला रोड बाजार एसोसिएशन
...
मंडल आयुक्त ने 11 जुलाई को शहीद भगत सिंह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग स्थल के ओपन बोली के लिए रेट तय करने के लिए गठित कमेटी की डीसी आफिस में मीटिंग बुलाई है। इस आशय में पत्र आ गया है। रेट तय करते ही कॉम्प्लेक्स व पार्किंग केंद्र को चालू कर दिया जाएगा।
- कृष्ण कुमार वार्ष्णेय, डीटीपी, नगर निगम