नाबालिग छात्रा का शव घर में हुक पर लटकता मिला
भिवानी। शहर की नेहरू कॉलोनी में दसवीं कक्षा की छात्रा का शव घर में हुक पर लटकता हुआ मिला। देर शाम मजदूरी से घर लौटे, तब माता-पिता को इस घटना का पता चला। किशोरी ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इस बारे में परिजनों ने अनभिज्ञता जाहिर की है।
यह घटना रविवार को दिन के वक्त की बताई जा रही है। देर शाम लड़की के माता-पिता घर पहुंचे तब खुलासा हुआ। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
लड़की के पिता जगदीश ने बताया कि उन्हें नहीं मालूम की उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। उसे किसी पर शक-शुबहा भी नहीं है। सेक्टर पुसिल चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।