उपभोक्ताओं को बिजली के बिल से लगा करंट
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। देसराज कॉलोनी निवासियों के घर का बिल पहले सात सौ या आठ सौ रुपये तक आता था। लेकिन अबकी बार बिजली निगम ने कॉलोनी के दो निवासियों के घर पर आठ-आठ लाख रुपये का बिल बनाकर भेज दिया। जिससे दोनों बिजली उपभोक्ता परेशान हैं। करीब एक माह पहले दोनों उपभोक्ता बिजली बिल को ठीक करवाने के लिए बिजली निगम में अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी बिजली निगम अधिकारियों द्वारा कोई समाधान नहीं किया है। जिसके चलते उपभोक्ता परेशान है।
उपभोक्ता सुनिता ने बताया कि उनका बिजली का बिल लगातार 400 से 500 के बीच आता था। लेकिन अबकी बार बिजली निगम कर्मचारी ने 9,7076.6 यूनिट निकालकर 8,40,791 रुपये का बिल बनाकर हाथ में थमा दिया। जिसके बाद कर्मचारी को बिल के बारे में पूछने पर उसने इस बारे में बिजली निगम के अधिकारियों से बात करने के लिए कहा। उपभोक्ता सुनीता ने बताया कि उसके घर में एक पंखा, एक टीवी व एक एलईडी लगी हुई है। जिसमें बिजली अधिकारियों ने दो माह में 9,7076.6 यूनिट निकाल दी है। वहीं दूसरी उपभोक्ता लक्ष्मी देवी ने बताया कि उनका बिला 500 से 700 के बीच में आता था। लेकिन अबकी बार बिजली निगम कर्मचारी ने उसको सात लाख रुपये का बिजली बिल पकड़ा दिया। उपभोक्ता लक्ष्मी देवी ने बताया कि उसे घर में दो पंखे, एक टीवी व इंवर्टर है। जिसकी अबकी बार बिजली निगम ने 8,64,202 यूनिट निकाल दी।
बिजली अधिकारियों के पास पिछले बिलों का रिकॉर्ड नहीं
उपभोक्ता सुनीता व लक्ष्मी देवी ने बताया कि जब वे बिजली निगम में अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्या बताई और अधिकारियों से अपने पिछले बिलों का रिकॉर्ड दिखाने के लिए कहा। अधिकारियों ने अब उनके पास बिजली बिलों का रिकॉर्ड नहीं होने की बात कही, वहीं अधिकारियों ने बताया कि अभी निगम में कुछ कर्मचारी नए आए। जिन्होंने गलती से यूनिट भर कर भेज दिया होगा। लेकिन जब अधिकारियों को ठीक करने के लिए कहा गया तो उन्होंने उनके पास अभी समय नहीं है कहकर कल आने के लिए कह दिया। लेकिन हर रोज जाने के बाद एक सप्ताह में एक या दो दिन ही अधिकारी बिजली निगम दफ्तर में बैठे मिलते है। किसी से पूछते हैं तो उनके ऑफिस न आने की कोई सूचना भी नहीं मिलती। जिस कारण वे अधिक परेशान है।
वर्जन
पिछले महीने रीडिंग नोट करने वाले कुछ कर्मचारी बदले गए हैं। जिस कारण कुछ लोगों उपभोक्ताओं को बिल को लेकर समस्या आई है तो वे मेरे कार्यालय में आकर मुझसे मिल सकते हैं। जिनकी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया जाएगा। फिलहाल अभी तक उनके पास बिल से संबंधित कोई शिकायत नहीं मिली है।
ललित अत्री, एसडीओ, सब डिविजन किला बिजली निगम।