एमडीयू में शिक्षिका से स्नेचिंग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। एमडीयू परिसर में बाइक सवार युवक ने स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया। कैंपस में रिश्तेदार से मिलने जा रही शिक्षिका से बाइक सवार युवक पर्स छीनकर फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर कुछ लोगों ने आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। शिक्षिका की शिकायत पर पीजीआई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यूनिवर्सिटी की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
घटना सोमवार को एमडीयू के गेट नंबर छह से कैंपस के बाहर आते वक्त हुई। पुलिस को दी शिकायत में हिसार की न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन निवासी महिला वर्षा ने बताया कि वह एक निजी स्कूल में पढ़ाती है। रोहतक में रिश्तेदार के यहां किसी का देहांत होने की वजह से आई थी। महिला को एमडीयू कैंपस से अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ जाना था। महिला ने बताया कि वह एमडीयू गेट नंबर छह की तरफ से पैदल बाहर जा रही थी। तभी वीसी ऑफिस की तरफ से बाइक पर सवार होकर एक युवक आया। युवक ने महिला के पास आते ही उसका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर कुछ लोगों ने आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। शिक्षिका का कहना है कि उसके पर्स में 1200 रुपये, शूट और मोबाइल रखा था। फिर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।