प्रशांत हत्याकांड में गांव के ही तीन युवक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। यहां के खालड़ा वाले पहाड़ के काला पत्थर के पास रविवार को हुई पटीकरा निवासी प्रशांत की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन युवाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि युवकों ने आपसी रंजिश के चलते युवक की हत्या की थी। वहीं वास्तविक कारण जानने के लिए पुलिस गिरफ्तार किए गए युवाओं का मंगलवार को पुलिस रिमांड लेगी। जिसके बाद ही पता चल पाएगा कि मर्डर की वास्तविक वजह क्या रही।
रविवार को आपसी रंजिश के चलते गांव पटीकरा के प्रशांत की हत्या करने के आरोप में शहर थाना पुलिस ने गांव पटीकरा निवासी राहुल पुत्र महिपाल, देवेंद्र पुत्र रोहताश व मनोज पुत्र अशोक को सोमवार को काबू किया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को गांव खालड़ा की पहाड़ियों के काला पत्थर की जोहड़ी के पास बने प्राचीन शनि मंदिर से काबू किया। पुलिस मामले की छानबीन करने में ही जुटी हुई थी कि थाना प्रभारी रणजीत सिंह को गुप्त सूचना मिली कि हत्या के तीनों आरोपी रघुनाथपुरा स्थित शनि मंदिर के पास देखे गए हैं। इस पर एसएचओ ने तुरंत टीम का गठन किया जिसमें सब इंस्पेक्टर धर्मसिंह, राजकरण, एचसी योगेश व सिपाही प्रमोद को शामिल थे। पुलिस ने शनि मंदिर का घेराव किया वहीं तीनों ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की लेकिन टीम ने घेर कर काबू कर लिया।
पुलिस ने प्रशांत की हत्या के मामले में गांव पीटकरा के राहुल, देवेंद्र व मनोज को काबू किया गया है। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। तीनों ही आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। ताकि आरोपियों से हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
- रणजीत सिंह, थाना प्रभारी, शहर नारनौल।