पांचवें का परिणाम आया नहीं छठे सेमेस्टर की दे दी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी के एलएलबी फाइनल ईयर के 125 विद्यार्थी अभी भी अपने पांचवें सेमेस्टर का रिजल्ट आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि वे अपने छठे सेमेस्टर और एलएलएम का एंट्रेंस तक दे चुके हैं। ऐसे में अभी तक रिजल्ट नहीं आने ये विद्यार्थियों के सामने संकट खड़ा हो गया है।
आईजीयू मीरपुर में दिसंबर 2016 में एलएलबी के पांचवें सेमेस्टर के एग्जाम हुए थे। साढ़े पांच माह बीतने के बाद भी इस परीक्षा का रिजल्ट नहीं आया है। इस परीक्षा में बैठे विद्यार्थी अपने छठे सेमेस्टर की भी परीक्षा दे चुके हैं। वहीं कई विद्यार्थी एलएलएम का एंट्रेंस तक दे चुके हैं। इसका रिजल्ट संभवत: 19 जून को आना है।
यह होगी परेशानी
सबसे बड़ी परेशानी यह है कि अगर किसी विद्यार्थी ने छठे सेमेस्टर और एलएलएम का एंट्रेंस पास कर लिया। पांचवें सेमेस्टर में री-अपीयर आ जाती है तो वह एलएलएम के एंट्रेंस में पास होने के बाद भी वह एलएलएम में प्रवेश नहीं ले पाएंगे। इससे उनका समय और पैसा दोनों ही बर्बाद होगा।
परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने के प्रयास हैं। संभवत: सोमवार तक परिणाम घोषित हो जाएगा। विद्यार्थियों को कोई परेशानी नहीं होगी। - डीपी गोयल, परीक्षा नियंत्रक, आईजीयू