झज्जर। एक अप्रैल से नया सत्र शुरू हो रहा है। नए सत्र में चालू की जाने वाली खेल नर्सरी के लिए खेल विभाग ने खेल अकादमी व स्कूलों से आवेदन मांगे थे। इसके लिए 121 आवेदन पहुंचे हैं। इस बार जिले में काफी संख्या में खेल नर्सरी खोलने की उम्मीद अधिकारियों की तरफ से जताई जा रही है जबकि पिछले वर्ष जिले में 35 खेल नर्सरी आवंटित की गई थी।
जिले में खिलाड़ियों की पौध तैयार करने के लिए प्रत्येक वर्ष खेल नर्सरी शुरू की जा जाती है। प्रदेश में वर्ष-2023 में खेल नर्सरी 35 थी, जो 31 जनवरी 2023 से शर्तों के मुताबिक बंद हो गई थी। खेल विभाग ने इस बार खेल नर्सरियों के लिए खिलाड़ियाें की संख्या बढ़ाई है। इससे पहले एक खेल नर्सरी में 5 खिलाड़ी होते थे, लेकिन अब यह संख्या 10 होगी। प्रत्येक खेल नर्सरी में 8 से 19 आयु वर्ग के 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। चयनित खिलाड़ियों में से यदि कोई खिलाड़ी छोड़कर जाता है तो उसके स्थान पर अतिरिक्त 10 खिलाड़ियों में से चुना जाएगा।
खेल विभाग के पास कुल 121 आवेदन आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा आवेदन रेसलिंग के लिए 26 आए हैं। इसी प्रकार से कबड्डी के लिए 21 आवेदन आए हैं। आर्चरी के लिए एक, एथलेटिक के लिए 14, बैडमिंटन के लिए दो, बैसबाल के लिए एक, बास्केटबाल के लिए 8, बाक्सिंग के लिए दो, कैनोइंग के लिए एक, साइकलिंग के लिए एक, फैंसिंग के लिए एक, फुटबाल के लिए 12, हैंडबाल के लिए 5खख्हाकी के लिए चार, जूडो के लिए तीन, कराटे के लिए एक, नेटबाल के लिए तीन, शूटिंग के लिए दो, साफ्टबाल के लिए दो, स्वीमिंग के लिए तीन, ताइक्वांडो के लिए एक, वालीबाल के लिए तीन, वेटलिफ्टिंग के लिए एक, वुशू के लिए तीन आवेदन आए हैं।
खेल विभाग मुख्यालय की तरफ से जिले में खेल नर्सरी खोले जाने के आवेदन मांगे गए थे। 121 आवेदन आए हैं। सभी आवेदनों को अब मुख्यालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग की मंजूरी मिलने के बाद खेल नर्सरी आवेदकों को आवंटित कर दी जाएंगी।
ललिता मलिक, जिला खेल अधिकारी, झज्जर