मुख्यमंत्री ने जनता के बीच कहा डबल फाटक पर आवागमन का मिलेगा रास्ता
एलीवेटेड ट्रैक के दोनों तरफ भी पक्का रास्ता दिलवाया जाएगा
फोटो....
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शुक्रवार शाम अचानक सरक्युलर रोड स्थित डबल फाटक पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से बातचीत करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांग के अनुरूप आवागमन का रास्ता मिलेगा। रेलवे एलीवेटेड ट्रैक के दोनों तरफ रास्ता भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सहकारिता मंत्री से पूरी रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री की घोषणा से कॉलोनी के लोगों में उत्साह है।
बतातें चले कि रेलवे प्रशासन गोहाना-पानीपत रेलवे ट्रैक पर एलीवेटेड ट्रैक बनाने जा रहा है। इसके चलते डबल फाटक के पास से ट्रैक को धीरे-धीरे ऊपर की तरफ उठाया जाना है, जो श्रीनगर, न्यू चिन्यौट कॉलोनी, पुराना हाउसिंग बोर्ड, आजाद नगर, चावला कॉलोनी, नया बस अड्डा तक बनेगा। एलीवेटेड ट्रैक बनने से कॉलोनियों के बीच में दीवार खड़ी हो जाएगी और दो हिस्से में विभाजित हो जाएंगी। इस वजह से गीता कालोनी, श्रीनगर कालोनी, न्यू चिन्यौट कालोनी, रामनगर, जगदीश नगर, एकता कालोनी, नेताजी नगर, कमला नगर, आजाद नगर, चावला कालोनी, पुरानी राम नगर आदि कालोनी के लोगों को पांच मिनट की दूरी तय करने के लिए करीब चार-साढ़े चार किमी. का चक्कर लगाना पड़ेगा। इसके विरोध में पिछले दिनों कालोनी के लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया था। उनकी मांग थी कि उन्हें डबल फाटक से आवागमन का रास्ता दिया जाए। एलीवेटेड रोड के दोनों तरफ रास्ता बनवाया जाए। जनकल्याण रेजीडेंसियल वेलफेयर सोसायटी के बैनर तले चार दिन तक धरना चला था, जिसकी गूंज शासन तक पहुंची।
शुक्रवार को जिले में आए मुख्यमंत्री शाम को डबल फाटक पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद क्षेत्रीय लोगों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि उन्हें हर हाल में रास्ता दिलवाया जाएगा। एलीवेटेड रोड के किनारे दोनों तरफ रास्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने मौजूद सहकारिता मंत्री से पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी है।
0-ये कहना है लोगों का
-शाम को अचानक मुख्यमंत्री डबल फाटक पर आए तो आसपास की कालोनी के लोग पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने लोगों से बातचीत करते हुए भरोसा दिया है कि उनकी मांग के अनुरूप ही काम होगा।
0-राकेश लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि आवागमन का रास्ता बंद नहीं होने दिया जाएगा। एलीवेटेड रोड के दोनों तरफ रास्ता बनेगा ताकि आसपास की कालोनी के लोगों को सहूलियत मिल सके। 0-मनदीप
बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने सहकारिता मंत्री से पूरी रिपोर्ट मांगी है ताकि वह आगे बातचीत करके जनता की मांग को पूरी करवा सकें। अब भरोसा हो गया है कि जनता की मांग पूरी की जाएगी।
0-जसवीर कुुमार
मुख्यमंत्री ने पाइप से नापजोख करवाई थी। जनता के बीच में आकर समस्या को इत्मिनान से सुना और आश्वस्त किया कि हर हाल में आवागमन के लिए रास्ता दिया जाएगा कोई अड़चन नहीं होगी।
0-विकास