बिजली विभाग मुख्यालय पर सुबह से शाम तक धरना ही धरना
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। बिजली विभाग के मुख्यालय राजीव गांधी विद्युत सदन परिसर में मंगलवार को सुबह से शाम तक जगह-जगह धरना प्रदर्शन चले। आंदोलित कर्मचारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों पर मांगों के प्रति गंभीर रुख अख्तियार नहीं करने का आरोप लगाया। ऑल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन वर्कर यूनियन ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग करते हुए 10 सूत्रीय मांग पत्र एसई को सौंपा। वहीं, हिसार के एसडीओ के खिलाफ हुए प्रदर्शन का शाम को असर हो गया। पावर कॉर्पोरेशन ने जहां पांचों कर्मचारियों को निलंबन और एफआईआर को वापस लेने का भरोसा दिया वहीं पूरे मामले की जांच कर उचित कदम उठाने का आश्वासन भी दिया।
ऑल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन वर्कर यूनियन का धरना प्रदर्शन सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ जिसमें रोहतक के साथ-साथ पानीपत, सोनीपत और झज्जर के बिजली कर्मचारियों ने भाग लिया। धरना-प्रदर्शन में मौजूद कर्मियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। तदुपरांत हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि यूनियन द्वारा बिजली विभाग में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग के साथ-साथ अन्य मांगों को लेकर लगातार आंदोलन किया जा रहा है। इसके तहत सब यूनिट, यूनिट व सर्किल स्तर पर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन भी सौंपे गए हैं मगर निगम प्रशासन ने अभी तक मांगों को लेकर किसी भी तरह का कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। चार जून से 17 अगस्त तक मुख्यमंत्री के करनाल में उपायुक्त कार्यालय पर धरना दिया जा रहा है मगर कुछ होता नहीं दिख रहा। ऐलान किया गया कि अब 18 अगस्त को राज्य स्तरीय रैली करके आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके बाद यूनियन ने मुख्य अभियंता आपरेशन को ज्ञापन सौंपा। आंदोलन की अध्यक्षता यूनियन के राज्य उप प्रधान धर्मपाल हुड्डा ने की। संचालन सर्किल सचिव संदीप ने की।
इस दौरान राज्य प्रधान सुरेश राठी, राज्य चेयरमैन देवेंद्र सिंह हुड्डा, राज्य पूर्व प्रधान प्रताप सिंह, पूर्व उप प्रधान मंगल सिंह, रामवीर, बंशीलाल, प्रभु दयाल, सुरेश कुमार, सतवीर सभ्रवाल, कर्मवीर सिवाच, ईश्वर शर्मा, राममेहर शर्मा, रविंद्र दलाल, रामलाल दलाल, रामनिवास सैनी, विकास दहिया, महेंद्र सिंह मलिक के साथ-साथ सभालखा, पानीपत, सोनीपत, गोहाना, रोहतक, झज्जर, बहादुरगढ़ बेरी, बादली, पानीपत सिटी, यूनिटों के प्रधान सचिवों ने विचार व्यक्त किए।
एचएसईबी वर्कर यूनियन के धरने का असर, पांचों कर्मियों को निलंबन वापस
रोहतक। हिसार में एचएसईबी वर्कर यूनियन के दिलीप सोनी, राजकुमार यादव, रविंद्र बिश्नोई, सुरेश वर्मा व प्रेमपाल को निलंबित किए जाने के विरोध में चल रहे धरना-प्रदर्शन का मंगलवार की शाम को प्रभावी असर हुआ। बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों ने पांचों कर्मियों का निलंबन और एफआईआर वापस लेने का आश्वासन दिया। पूरे प्रकरण की जांच करके दोषी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया।
राजीव गांधी विद्युत सदन रोहतक में कर्मचारियों ने तीसरे दिन मंगलवार को भी गेट मीटिंग का विरोध प्रदर्शन किया। अध्यक्षता यूनियन के प्रांतीय सह सचिव नरेश देशवाल ने की। मंच संचालन सर्किल सचिव ऑपरेशन रोहतक बिजेंदर गुलिया ने किया। प्रताप रावत, वीरेंद्र, गौरव शर्मा, गौरव बत्रा, रणवीर, राधेश्याम, राजेश रोहिल्ला, भूपेंद्र भाटला, विवेक भारती, फूल कुमार शर्मा, अशोक, अनिल यादव, सुमेर वशिष्ठ, दीपक, अनिल, कृष्ण सैनी, ललित, परमीत, रामनयन, कुलदीप, नवीन, जयवीर, संदीप, बलवान, सपना, वंदना, गीतिका, रीना, धीरज, उमा, कमला, तारा देवी, प्रकाशी देवी आदि मौजूद थे।