फ्लोर मिल में सरकारी गेहूं के कट्टे को उतारती हुई गाड़ी को पुलिस ने किया जब्त
100 नंबर पर टीम ने कार्रवाई, खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की शुरू
मर उजाला लेट नाइट: 11 बजे
खेड़ी बत्तर के ग्रामीणों ने गांव के ही डिपो संचालक पर लगाए गेहूं बेचने के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। लोहारू चौक समीप स्थित एक फ्लोर मिल में सरकारी गेहूं उतारती एक गाड़ी को सिटी थाना पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस ने ये कार्रवाई 100 नंबर पर आई सूचना के आधार पर की। मिल में पहुंची पुलिस टीम गेहूं के कट्टों से भरी गाड़ी को जांच के लिए थाने ले र्गई। वहीं, सूचना पाकर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने भी गेहूं की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर बिजेंद्र ने पुष्टि करते हुए बताया कि गाड़ी में जो गेहूं है वो सरकारी है। खेड़ी बत्तर के युवाओं का आरोप है कि गांव के राशन डिपो से ये गेहूं लाकर डिपो होल्डर इन्हें एक फ्लोर मिल पर बेचा जा रहा था। वहीं, डिपो होल्डर के भाई का कहना है कि उनके डिपो का स्टॉक पूरा है और पुरानी रंजिश के तहत उसे फंसाने का प्रयास किया गया है।
खेड़ी बत्तर निवासी संदीप ने बुधवार देर 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बताया कि उसके गांव से टाटा एस सरकारी गेहूं के कट्टे लेकर मिल में बेचने के लिए निकली है। इसके बाद खुद उसने अपने साथी के साथ गाड़ी का पीछा किया तो गाड़ी लोहारू चौक समीप स्थित एक फ्लोर में मिल में चली गई। संदीप का कहना है कि वहां गेहूं के कट्टों को खाली किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और गाड़ी में रखे करीब 14 गेहूं से भरे कट्टे व छह खाली कट्टों को अपने कब्जे में ले कर गाड़ी को थाने ले आई।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पाकर विभाग के इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह गेहूं की जांच के लिए सिटी पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने कट्टों की जांच कर बताया कि यह सरकारी गेहूं है और इस पर मार्का 2016-17 है। शिकायतकर्ता युवाओं ने डिपो से गाड़ी में लोड हो रहे गेहूं की वीडियो भी पुलिस को दिखाई। उन्होंने बताया कि यह गाड़ी उनके गांव के डिपो होल्डर से लोड हुई थी और उन्होंने पीछा किया तो मिल में गेहूं बेचने के खेल का भंडाफोड़ हुआ।
चंद लोगों को ही गांव में राशन बांटता है डिपो होल्डर
डिपो होल्डर पिछले काफी समय से सरकारी गेहूं को बेचकर गरीबों के हक पर डाका मार रहा है। वह चंद लोगों को ही गेहूं वितरित करता है।
संदीप, खेड़ी बत्तर निवासी
डिपो होल्डर सरकारी अनाज के वितरण में धांधली करता है और अपने चहेतों को ही अनाज देकर अन्य ग्रामीणों को मना कर देता है।
- कुलदीप, खेड़ी बत्तर निवासी
सरकारी राशन गरीबों तक नहीं पहुंच पा रहा। गांव में कुछ लोगों को ही नियमित राशन मिलता है बाकी लोगों को बैरंग लौटना पड़ता है।
विनय, खेड़ी बत्तर निवासी
कुछ लोग उन्हें किसी पुरानी रंजिश को लेकर फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। फर्श का कार्य चलने से गेहूं को उन्होंने एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट किया था। उनके डिपो का स्टॉक पूरा है और जो आरोप लगाए गए हैं वो निराधार हैं।
- महेश, डिपो होल्डर का भाई
सूचना पाकर पुलिस टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची थी। पुलिस टीम ने गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया और थाने ले आई। हमने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी बुला लिया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
- इंस्पेक्टर गौरव कुमार, सिटी थाना प्रभारी
सूचना पाकर मैं मौके पर पहुंचा था। गेहूं के कट्टों की जांच करने पर साफ हो गया है कि ये सरकारी गेहूं के कट्टे हैं और इन पर मार्का 2016-17 लिखा हुआ है। आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
- बिजेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर खाद्य आपूर्ति विभाग