बेनतीजा रही बैठक, जारी रहेंगे प्रदर्शन : चौटाला
फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
छात्र संघ चुनावों पर इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला, शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा और छात्रों के प्रतिनिधि मंडल की बैठक बेनतीजा रही है। यह जानकारी इनसो जिलाध्यक्ष अमित माजरा ने दी। उन्होंने बताया कि इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा है कि बैठक से हम संतुष्ट नहीं है, इसलिए प्रदेश में यूनिवर्सिटी के बाहर चल रहे प्रदर्शन पहले की तरह जारी रहेंगे। सरकार ने 10 दिन बाद दोबारा बैठक बुलाई है।
उन्होंने बताया कि बैठक में मंत्री रामविलास शर्मा ने मोबाइल से वोट करवाने की बात कही जो सरकार की अनुभव हीनता को दर्शाती है। इनसो अध्यक्ष ने कहा कि उम्मीद के साथ रामविलास शर्मा को तालाबंदी के दौरान 15 नवंबर तक का समय दिया था। लेकिन दोबारा से सरकार द्वारा समय मांगा गया, जोकि दर्शाता है कि सरकार को छात्रों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। इसमें एबीवीपी से कोई भी प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ। एबीवीपी के जो लोग दिल्ली और चंडीगढ़ में वोट मांगने का ढोंग रचते हैं, उनकी मंशा हरियाणा के अंदर छात्रसंघ चुनाव करवाने की नहीं है।