फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम साहब! एक बार औद्योगिक क्षेत्र आकर तो देखो

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

रेवाड़ी।
मुख्यमंत्री जी, एक बार दिल्ली जाते समय धारूहेड़ा-बावल के औद्योगिक क्षेत्र से गुजरकर तो देखो आपको हकीकत का पता लग जाएगा। यहां सड़क नाम की कोई चीज नहीं है। कानून व्यवस्था भी चौपट है। महीने की पांच से 10 तारीख तक छीनाझपटी की वारदातें बढ़ जाती है। ऐसे में काम करना मुश्किल हो गया है। कुछ ऐसी ही समस्याएं जिले के उद्यमियों ने सीएम मनोहर लाल के सामने रखीं।
अपने प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उद्यमियों के साथ बैठक की। बैठक में उद्यमियों ने अपने यहां आने वाली समस्याओं को पुरजोर तरीके से रखा।
विज्ञापन


सड़क है या गड्ढे, यह भी पता नहीं चलता
उद्यमियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि धारूहेड़ा और बावल औद्योगिक क्षेत्र में इतने गड्ढे हैं कि सड़क ही नहीं दिखती। खाली प्लाटों में दूषित पानी भरा रहता है। महिलाओं से छेड़खानी आम बात है। उन्होंने बावल, धारूहेड़ा, गुरुग्राम के लिए ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था कराने की मांग की। उद्यमियों ने बताया कि हर कंपनी के दो गेट होते हैं। गेट पर सेफ्टी डिपार्टमेंट वाले छोटा केबिन नहीं लगाने दिया जाता। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं के लिए बसों की व्यवस्था कराने की मांग की। इसके अतिरिक्त ईएसआई अस्पताल, कर्मचारी कल्याण की योजना, हानिकारक कचरे का निपटान आदि समस्याओं पर भी चर्चा की गई।

सीएम बोले- सभी को मिलकर दूर करनी है समस्या
मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से कहा कि आप भी मुख्यमंत्री की टीम का हिस्सा हैं। यदि कोई समस्या आती है तो हम सभी को मिलकर इसे दूर करना है। आज का युग आनलाइन का युग है। प्रदेश सरकार की ओर से अधिक से अधिक आनलाइन सुविधाएं मुहैया कराने पर बल दिया जा रहा है। जिस किसी उद्यमी को ऑनलाइन पोर्टल पर किसी भी तरह की दिक्कत या कमी दिखाई देती है तो वह इसे बता सकता है। सीएम ने कहा कि हरियाणा की प्रगति में उद्योगों का महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए सरकार उद्योगों को फलने-फूलने के लिए नई योजनाएं और नीतियां ला रही हैं। किसी भी उद्योग को कोई समस्या आती है तो उसका एक-एक कर निदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रक यूनियन बनाना कोई गलत नहीं। लेकिन यूनियन की आड़ में गुंडागर्दी करना गलत है। इसे सहन नहीं किया जा सकता।

प्रदेश के युवकों को दें रोजगार
सीएम ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक काफी हद तक उद्योगों पर निर्भर करती है। पहले वैट था, जिससे राज्यों को लाभ होता था। लेकिन अब जीएसटी आ गया है। जीएसटी कानून के अंतर्गत राज्यों की आय उपभोक्ता की ओर से खरीदे गए सामान पर निर्भर करती है। इसलिए हरियाणा के उद्योगों को चाहिए कि वह प्रदेश के युवकों को अपने उद्यम में रोजगार दें। इससे उस युवक की ओर से अर्जित किया गया धन हरियाणा में ही खर्च होगा। ऐसे में हरियाणा की जीएसटी के माध्यम से ही आय होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पलवल में कौशल विकास विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है, जिसमें औद्योगिक श्रमिकों के लिए प्रशिक्षण भी शुरू किए जा चुके हैं। इसलिए उद्यमियों को चाहिए कि वे ऐसे युवकों को अपनी जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण और अपने उद्योग में रोजगार दें।
विज्ञापन


ये रहे मौजूद
बैठक में रेवाड़ी चैंबर ऑफ कामर्स की ओर से अमित स्वामी, रेवाड़ी औद्योगिक एसोसिएशन की ओर से अमित गुप्ता एवं जापान की एसटी इंडिया कंपनी के योशो हाई ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल, विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास और बिक्रम सिंह यादव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष प. योगेंद्र पालीवाल, हरियाणा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के संयोजक सतीश खोला, जिला प्रमुख मंजू बाला, आईजी सीएस राव, उपायुक्त पंकज, पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया, एडीसी कैप्टन मनोज, एसडीएम कुशल कटारिया सहित एचएसआईआईडीसी, हुडा, पर्यावरण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें