अब दिल्ली बाईपास पर लगेगी सब्जी मंडी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
जाट कॉलेज के बाहर मंडी लगाने को लेकर सब्जी विक्रेताओं और नगर निगम के बीच चल रहे विवाद का समाधान हो गया है। सब्जी विक्रेता दिल्ली बाईपास के निकट सर्किट हाउस से आगे झज्जर बाईपास रोड पर मंडी लगाने को तैयार हो गए हैं। यहां शनिवार और बुधवार को मंडी लगा करेगी। यहां मंडी लगने से अब सेक्टर एक और-14 के लोगों को भी फायदा होगा। हालांकि अगले शनिवार और बुधवार को जाट कॉलेज के पास ही मंडी लगेगी। पहले की तरह सेक्टर-तीन में रविवार और गुरुवार और नए बस स्टैंड के नजदीक सोमवार और शुक्रवार को मंडी लगती रहेगी।
125 सब्जी विक्रेता लंबे समय से नया बस स्टैंड, सेक्टर तीन और मॉडल टाउन में सप्ताह में दो-दो दिन शाम के समय मंडी लगा रहे थे। मॉडल टाउन में विरोध के चलते तीन माह से सब्जी विक्रेता जाट कॉलेज के बाहर फुटपाथ पर शनिवार और बुधवार को मंडी लगाने लगे। इससे सब्जी की खरीदारी करने आने वालों के वाहन सड़क के किनारे खड़े किए जाने लगे। नगर निगम की टीम एलओ आनंद मित्तल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और विक्रेताओं को मंडी न लगाने की हिदायत दी। बुधवार शाम तो नौबत झगड़े की आ गई। समस्या के समाधान के लिए वीरवार को सब्जी विक्रेता प्रधान संजय पूनिया के नेतृत्व में निगम आयुक्त प्रदीप कुमार से उनके कार्यालय में मिले। आयुक्त ने सब्जी विक्रेताओं को समझाया कि जाट कॉलेज के बाहर मंडी लगाना ठीक नहीं है। इसके बाद सर्किट हाउस के पास मंडी लगाने के लिए कहा, जिस पर विक्रेता सहमत हो गए।
आयुक्त की बात से सब्जी विक्रेता सहमत
जाट कॉलेज के बाहर इसी सप्ताह शनिवार और अगले सप्ताह बुधवार को ही मंडी लगाएंगे। इसके बाद राजीव चौक पर स्थित सर्किट हाउस के पास झज्जर रोड पर दोनों दिन मंडी लगाएंगे। निगम आयुक्त और सब्जी विक्रेताओं के बीच हुई मीटिंग में इसकी सहमति हो गई है।
- संजय पूनिया, प्रधान सब्जी विक्रेता यूनियन।
सर्किट हाउस के पास मंडी की अनुमति दी
सब्जी विक्रेताओं की रोजी-रोटी को देखते हुए प्रशासन ने सर्किट हाउस के पास मंडी लगाने की अनुमति देने का फैसला किया है। मॉडल टाउन से लेकर राजीव चौक के आसपास के लोग सब्जी खरीदने वहां जा सकते हैं। क्योंकि ज्यादातर लोग कार या दोपहिया वाहन पर आते-जाते हैं। इस तरह जाट कॉलेज के बाहर हादसे का अंदेशा भी नहीं रहेगा और कोई भी पक्ष प्रभावित नहीं होगा।
- प्रदीप कुमार, आयुक्त नगर निगम।