अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद।
वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हमारे गांव हजारों वर्षों से भाईचारे की मिसाल कायम करते आए हैं। उन्होंने गाम को राम की संज्ञा देते हुए लोगों से आह्वान किया कि वे आपसी भाईचारे और प्रेम को हमेशा बनाए रखें, क्योंकि यही हमारी समृद्ध परंपरा है। यह बात कैप्टन अभिमन्यु ने गांव मिर्चपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने पंचायत द्वारा रखी गई सभी 13 मांगों को पूरा करने की घोषणा करते हुए नारनौंद विधानसभा के पिछले 30 सालों के पिछड़ेपन को सूद समेत दूर करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने गांव मिर्चपुर से अपना पारिवारिक संबंध बताते हुए इससे अपना भावनात्मक लगाव प्रकट किया।
यह दी सौगातें
वित्त मंत्री ने मिर्चपुर की गोशाला के लिए स्वैच्छिक कोटे से 11 लाख रुपये देने और चौ. मित्रसेन आर्य ट्रस्ट की ओर से गांव में 25 लाख रुपये की लागत से एक स्वच्छ पेयजल हेतु आरओ प्लांट लगवाने की घोषणाएं की। उन्होंने बताया कि मिर्चपुर से जजवान तक 4 किलोमीटर लंबी सड़क मंजूर हो चुकी है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मिर्चपुर को महाग्राम योजना में शामिल करवाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों के अनुरोध पर गांव में गलियों, तालाब की चारदीवारी, फिरनी, बिजली, स्टेडियम, अस्पताल, स्कूल में स्टाफ संबंधी सभी 13 मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हलके के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाएं मंजूर की जा चुकी हैं। इनके अलावा उन्होंने नारनौंद को उपमंडल, बास को तहसील, खेड़ी चोपटा को उप-तहसील के अलावा नारनौंद को नया खंड की सौगातें मिलने पर लोगों को बधाई दी। वित्त मंत्री ने कहा कि कभी पूरे नारनौंद हलके में एक भी कॉलेज नहीं था लेकिन आज नारनौंद में 4 सरकारी कॉलेज और कई आईटीआई खोली गई हैं।
हमेशा किया क्षेत्र की आन, बान और शान को बढ़ाने का काम
वित्त मंत्री ने कहा कि ढाई वर्ष पहले इस क्षेत्र के लोगों ने अपना जनप्रतिनिधि बनाकर सेवा करने का मौका दिया था। इन वर्षों के दौरान मैंने कोशिश की है कि मेरी कलम, वाणी और व्यवहार से कोई गलत कार्य न हो। मैंने हमेशा अपने क्षेत्र की आन, बान और शान को बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में नारनौंद हलका प्रदेश के अन्य किसी अन्य हलके से दूसरे नंबर पर नहीं रहेगा। इस अवसर पर चेयरमैन शशी ढाका, प्रशांत ढांडा, सत्यपाल श्योराण, सतपाल मल्हान, बलराज लोहान, सरपंच सत्यवान ढांडा, रामस्वरूप डाटा, राजेंद्र लांबा, अशोक राखी, सुभाष श्योराण, प्रेम वर्मा, सत्ता चेयरमैन, राजेश ढांडा, चांदी राम आदि लोग मौजूद रहे।
हमें जमीनों की दलाली और भ्रष्टाचार का अनुभव नहीं है : कैप्टन अभिमन्यु
नारनौंद। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा शुरू-शुरू में कहते थे कि सरकार अनुभवहीन है। इस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि हमें जमीनों की दलाली और भ्रष्टाचार का अनुभव नहीं है लेकिन जनता की सेवा का अनुभव जरूर हो रहा है। वित्त मंत्री हलका के गांव बास में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सबका विकास करवाना मेरी प्राथमिकता है और अपने ढाई साल के कार्यकाल में मैंने लोगों के मन में विकास की नई ललक पैदा की है। मैं चाहता हूं कि लगातार होते विकास के बीच लोग और अधिक कामों की मांग करें। मैंने अब लोगों के मन में विकास की भूख पैदा कर दी है, यही मेरी जीत है। वित्त मंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर मोर माइनर का लेवल ठीक करवाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता मित्रसेन आर्य की स्मृति में गांव में आरओ प्लांट लगवाने की घोषणा की। इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय सिंधु, हिसार लोकसभा निगरानी समिति के चेयरमैन प्रो. मंदीप मलिक, मार्केट कमेटी चेयरमैन महाबीर शर्मा, राजेंद्र लांबा, चेयरमैन शशी ढाका, सोमबीर लांबा, सुभाष पहलवान आदि मौजूद रहे।