रोहतक। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को प्लेस्मेंट सेल एवं कॅरिअर गाइडेंस सेल के सहयोग से प्लेसमेंट फेयर आयोजित किया गया। इस रोजगार मेले में गुरुग्राम, दिल्ली व रोहतक की विभिन्न कंपनियों ने विद्यार्थियों को रोजगार का मौका दिया। इसमें रिलायंस निपॉन, टाइम, लीड बॉक्स, कोटक एजेंसी, इवेंट बादशाह, टैलेंट ग्रो ग्लोबल आदि कंपनियों ने हिस्सा लिया। रोजगार मेले में 115 विद्यार्थियों का चयन किया गया। 4.80 लाख रुपये का सालाना पैकेज दिया जाएगा।
कंपनियों ने अपनी प्रतिनिधियों के द्वारा विद्यार्थियों के साक्षात्कार करवाया। ब्रांच बैंकिंग, सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, बिक्री प्रबंधक, मानव संसाधन कार्यकारी, क्षेत्र कार्यकारी, डिलिवरी बॉय, सामग्री लेखक, व्यवसाय विकास कार्यकारी, कार्यालय सहायक, ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो संपादक पोस्ट के लिए विद्यार्थियों का रोजगार के लिए चयन किया गया।
15 विभिन्न कॉलेज के 610 से ज्यादा विद्यार्थियों ने रोजगार मेले में हिस्सा लिया। प्राचार्य डॉ. लोकेश बल्हारा ने रोजगार मेले का शुभारंभ किया। प्लेस्मेंट सेल के कन्वीनर डाॅ. सुरेंद्र सांगवान ने विद्यार्थियों को कॉलेज की प्लेस्मेंट एवं कॅरिअर गाइडेंस सेल के बारे में बताया। डाॅ. सतीश खाशा, डाॅ. दीपक, डाॅ. हर्ष नांदल, डाॅ. बबीता, डाॅ. वंदना व अन्य स्टाफ ने रोजगार मेले को सफल बनाने में सहयोग दिया।