पंचायत उपचुनाव : मीना ब्लाक समिति सदस्य, किरणबाला चुनीं गईं पंच
भिवानी। जाटूलोहारी गांव को छोड़कर पंचायत उप चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से निपट गए। जाटू लोहारी गांव में पंच के चुनाव में किसी ने भी मतदान नहीं किया। यह तीसरा मौका है, जब मतदान के लिए कोई नहीं आया। पंचायत समिति के वार्ड नंबर 12 से गांव हालुवास निवासी मीना 131 मतों से विजयी रही हैं। गांव मिताथल के वार्ड नंबर पांच से किरणबाला पंच पद के लिए चुनी गई हैं।
वीरवार को हालुवास गांव में हुए पंचायत समिति सदस्य चुनाव में लोगों ने उत्साह के साथ मतदान किया। मीना 1735 वोट हासिल किए तो देबी को 1604 मत मिले हैं। तीसरे स्थान पर रहने वाली सुरमेश को 85 मत मिले। दस मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। पंचायत समिति के लिए हुए उप चुनाव में कुल 3434 मत डाले गए। गांव मिताथल के वार्ड नंबर पांच से किरणबाला पंच पद के लिए चुनी गई हैं। किरण बाला पत्नी नरेंद्र ने 158 वोट प्राप्त किए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी ज्योति को 80 वोट मिले।
निर्विरोध बने 16 पंच
इससे पहले नामांकन प्रक्रिया के दौरान नामांकन वापस लेने के चलते जिले में बहल खंड के गांव सोरड़ा जदीद के वार्ड नंबर सात से विजय कुमार, भिवानी खंड से गांव अजीतपुरा के वार्ड पांच से ललिता, धनाना द्वितीय के वार्ड दो से जीत सिंह, धनाना तृतीय के वार्ड छह से शीला देवी, ढाणी ब्रह्मणान के वार्ड एक से रितू शर्मा, केलंगा सवाई पाना के वार्ड 16 से धर्मपाल, खरक कलां के वार्ड दो से मनीष व खरक के ही वार्ड आठ से कमल सिंह निर्विरोध चुने जा चुके हैं। कैरू खंड के गांव कैरू प्रथम के वार्ड 11 से सीमा, केहरपुरा के वार्ड चार से मंजू, खंड लोहारू से गांव सेहर के वार्ड दो से सुनील, सिंघानी के वार्ड दस से दलबीर सिंह, खंड सिवानी के गांव मिठी के वार्ड एक से मंजू, खंड तोशाम के गांव ढाणी सरल के वार्ड दो से रचना, ईशरवाल के वार्ड 12 से अनिल कुमार, कतवार के वार्ड सात से सुनीता, लक्षमणपुरा के वार्ड चार से निर्मला देवी और गांव रोढ़ा के वार्ड छह से अमित कुमार निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
तीन प्रत्याशी, तीनों का वोटिंग स्कोर शून्य
तीसरी बार दिनभर मतदाताओं की राह तकते रहे प्रत्याशी, कोई नहीं पहुंचा
जाटू लोहारी गांव में वार्ड नंबर दो के पंच के चुनाव का फिर मतदाताओं ने बहिष्कार किया। पंच पद के लिए तीसरी बार हो रहे मतदान से ग्रामीण दूर रहे। प्रशासनिक अमला और तीनों प्रत्याशी पूरे दिन मतदाताओं की राह तकते रहे लेकिन कोई नहीं पहुंचा। ग्रामीण सर्वसम्मति से किसी एक को पंच चुनना चाहते हैं। सहमति न बन पाने की वजह से ग्रामीणों ने लगातार दूसरी बार मतदान से कन्नी काटी है।
वीरवार को सेठ हरनाम दास राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर तय समय पर कोई भी एजेंट या मतदाता नहीं पहुंचा। चुनाव मैदान में यशपाल, रतिपाल व मनबीर तीन प्रत्याशी हैं। मतदाताओं के न आने के बारे में आला अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद बवानीखेड़ा के नायब तहसीलदार व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और बूथ का जायजा लिया। इस दौरान मतदान केंद्र व स्कूल परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। शाम तक कोई भी मतदाता मतदान करने के लिए नहीं आया।
चुनाव अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सुबह सात बजे से लेकर शाम चार बजे तक कोई भी मतदाता मतदान के लिए नहीं पहुंचा।
गांव के सरपंच नरेश ने बताया कि इस वार्ड के मतदाता सर्व सम्मति से अपने वार्ड के पंच का चुनाव करना चाहते हैं, लेकिन चुनावी मैदान में उतरे तीनों उम्मीदवारों में से एक भी बैठने केा तैयार नहीं हुआ। जिसकी वजह से कोई भी मतदाता वोट डालने के लिए नहीं पहुंचा।
--
तीसरे चुनाव में भी नहीं चुना पंच
17 जनवरी 2016 को हुए चुनाव में वार्ड दो के मतदाता सर्वसम्मति से पंच चुनना चाहते थे। एक नाम पर सर्वसम्मति बन भी गई, लेकिन प्रत्याशी अपना शैक्षणिक प्रमाण-पत्र पेश नहीं कर सका। इस कारण किसी का नामांकन नहीं हुआ। 25 सितंबर 2016 को फिर उपचुनाव हुआ। किसी एक नाम पर सर्वसम्मति नहीं बनी और दो ने नामांकन ठोक दिया। मतदाताओं को यह नागवार गुजरा और एक मतदाता भी मतदान के लिए नहीं पहुंचा। अब तीसरे उपचुनाव में भी 280 मतदाताओं में से एक भी मतदान केंद्र पर नहीं पहुंचा।