हिसार। राजगुरु मार्केट में एक महिला किराएदार द्वारा दुकान मालिक विरेंद्र तनेजा पर दर्ज कराए गए कथित झूठे केस के संबंध में मंगलवार को राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य प्रधान महेश चौधरी के नेतृत्व में एसपी से मिले और केस में निष्पक्षता से कार्रवाई करने की मांग की। एसपी ने दुकानदारों को निष्पक्ष कार्रवाई करने का विश्वास दिलाते हुए मामला डीएसपी अशोक कुमार के पास भेज दिया। डीएसपी के बुलावे पर राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे उनके कार्यालय में मिला। डीएसपी अशोक कुमार ने विरेंद्र तनेजा के अलावा साथ आए दुकानदारों के भी बयान दर्ज किए। उसके बाद शाम को शहर थाना प्रभारी के बुलावे पर दुकानदार प्रधान महेश चौधरी के नेतृत्व में थाना शहर पहुंचे। थाना प्रभारी ने यहां भी तनेजा के अलावा कुछ दुकानदारों से बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए। विरेंद्र तनेजा ने आरोप लगाया कि दोनों ही स्थानों पर बुलाने के बावजूद शिकायतकर्ता नहीं पहुंचे। एसोसिएशन सदस्यों में सुरेंद्र बजाज, रवि मेहता, टीनू आहुजा, दर्शन खुराना, गौतम नारंग, गुड्डू भाई, राधेश्याम भाटिया, रोहित तनेजा, मनोजी मौजी आदि शामिल थे।