बाद में भेजे जायेंगे
-------
कपलिंग टूटने से मालगाड़ी से अलग हुआ गार्ड डिब्बा
-करीब एक घंटे तक काठमंडी पुल के पास खड़ी रही मालगाड़ी
-यात्री भी मालगाड़ी के डिब्बों के बीच से होते हुए दूसरी तरफ जाने को हुए मजबूर
-रेलवे अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। काठमंडी पुल के पास शुक्रवार को दिल्ली से रोहतक के लिए आ रही एक मालगाड़ी का गार्ड डिब्बा कपलिंग टूटने के कारण अलग हो गया। इससे रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि डिब्बा पटरी से उतरा नहीं। मामले की सूचना पाते ही स्थानीय रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद डिब्बे को जोड़कर रोहतक रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया।
शुक्रवार दोपहर मालगाड़ी दिल्ली से रोहतक के लिए आ रही थी। जैसे ही मालगाड़ी काठमंडी पुल के पास पहुंची, अचानक ही कपलिंग के कारण मालगाड़ी का गार्ड डिब्बा अलग हो गया। जबकि मालगाड़ी आगे निकल गई। गार्ड डिब्बे के अलग होने का पता चलने पर किसी तरह चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को रोका। मामले की सूचना से रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गार्ड डिब्बे को मालगाड़ी से जोड़ा गया। इसके बाद मालगाड़ी रोहतक रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुई।
डिब्बों के बीच से गुजरे लोग
मालगाड़ी के पटरी पर खड़ी होने के कारण वहां से गुजरने वाले लोग डिब्बों के बीच से होकर गुजरे। गनीमत रही कि डिब्बा पलटा नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, रेलवे अधिकारियों ने मामले की जानकारी से इनकार किया है।
---
रोहतक रेलवे स्टेशन पर सांड़ टकराने के कारण अलग हो गया था डिब्बा
तीन माह पूर्व ही रोहतक रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के बीच सांड़ के टकराने के कारण मालगाड़ी का डिब्बा अलग हो गया था। हालांकि बाद में किसी तरह डिब्बे को जोड़ा जा सका था।
---
रोहतक रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी का गार्ड डिब्बा कपलिंग के कारण अलग होने की जानकारी नहीं है। जानकारी कराई जा रही है।
-नितिन चौधरी, सीपीआरओ, रेलवे