युवक ने किशोर के साथ किया कुकर्म, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
उपमंडल के एक गांव में एक किशोर के साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से उक्त किशोर सहमा हुआ है और उसके परिवार में रोष है। गांव के ही एक युवक पर यह घिनौना कृत्य करने का आरोप है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करीब 15 वर्षीय पीड़ित किशोर नौंवी कक्षा का छात्र है। आरोप है कि बुधवार को जब वह अपने घर के पास गली में खड़ा था तो इसी दौरान उसके गांव का ही एक युवक प्रीतम उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह एक मकान में ले गया। यहां पर उक्त युवक ने किशोर के साथ गलत हरकत की। किशोर ने विरोध किया तो युवक ने डरा-धमकाकर उसके साथ कुकर्म किया। इसके बाद वह किशोर को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। अपने साथ हुई इस गलत हरकत से किशोर बुरी तरह से सहमा हुआ था। उसने परिवार के सदस्यों को इस घटना से अवगत कराया। जिसके बाद परिजनों ने सेक्टर-6 चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर बच्चे की काउंसिलिंग की और परिजनों से बातचीत की। इसके बाद पुलिस ने किशोर का मेडिकल कराया। पीड़ित किशोर के परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मनोज कुमार, चौकी प्रभारी, सेक्टर 6