स्पीड ब्रेकर आधा उखाड़ने के बाद बीच में छोड़ा
- सेशन हाउस के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर असमंजस, जारी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सेशन हाउस के सामने बने स्पीड ब्रेकर भले ही एक की जान ले चुके हैं और एक को चोटिल कर चुके हैं। लेकिन इस पर अभी असमंजस बरकरार है कि इसे तोड़ा जाना है या नहीं।
पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम मंगलवार को ब्रेकर तोड़ने आई और आधा ब्रेकर तोड़ा भी, लेकिन इसे बीच में छोड़ कर वापस चली गई। बताया जा रहा है कि इसकी मुख्य वजह यह रही कि समाज के कुछ लोगों ने पीडब्ल्यूडी को ऐसा करने से रोक दिया। हालांकि इस संबंध में कोई भी खुल कर बोलने को तैयार नहीं है। इस संबंध में व्यापारी वर्ग ने सवाल उठाते हुए कहा है कि प्रशासन को यह स्पीड ब्रेकर तुड़वा देना चाहिए, क्योंकि यह नियमों के विरुद्ध है। यही नहीं इसका निर्माण जिसने किया है उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि सेक्टर 14 की रेसिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन ने इस ब्रेकर के चलते हुए मौत को लेकर मृतक देवेंद्र के परिजनों के लिए पांच करोड़ रुपये की मांग की है।