जलभराव क्षेत्रों का जायजा लिया, ज्ञापन सौंपा
भिवानी
शहर व अन्य क्षेत्रों की जलनिकासी के लिए बनाई गई भिवानी घज्गर डे्रन टूटने से गांव अलखपुरा व सागवन की हजारों एकड़ भूमि जलमग्र हो गई।
वीरवार को संयुक्त किसान मोर्चा संयोजक दलीप सिंह सांगवान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जलभराव का जायजा लेने के लिए मौके का दौरा दिया। सरकार द्वारा जलभराव पर नियंत्रण न कर पाने व जल निकासी का कोई ठोस प्रबंध न कर पाने के लिए इस आश्य का एक ज्ञापन संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा उप तहसीलदार तोशाम की मार्फत उपमंडल अधिकारी को भेजा।
संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक दलीप सिंह सांगवान, सरपंच रणबीर सिंह, सत्यवान दूहन, जंगबीर सिंह ने बताया कि ड्रेन टूटने से गांव अलखपुरा व सागवन की 500 एकड़ से अधिक भूमि जलमग्न हो गई है। जिससे किसानों की खड़ी फसल बर्बाद हो गई व साथ ही ट्यूबवेलों का कोई नामोनिशान नजर नहीं आ रहा है। किसानों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि ड्रेन की मरम्मत कर भविष्य में जलभराव न होना सुनिश्चित करे। किसानों की भूमि से जल की निकासी सुनिश्चत हो ताकि किसान आने वाली फसलों की बीजाई कर सके। साथ ही सरकार से मांग की है कि किसानों की नष्ट हुई फसल, ट्यूबवेल व अन्य संपत्ति का आंकलन कर तुरंत मुआवजा जारी किया जाए। इस मौके पर विजय पाल, नरेंद्र, ओम प्रकाश, धर्मपाल सागवन, पूर्व सरपंच फतेह सिंह, मांगेराम समेत अनेक किसान मौजूद थे।