गांजा और अवैध पिस्तौल सहित एक काबू
चरखी दादरी।
पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा टीम ने चरखी गांव के समीप से एक युवक को गांजा व अवैध पिस्तौल सहित काबू किया है। आरोपी पर सदर थाना में आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान गौरीपुर निवासी प्रदीप उर्फ बल्ला के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि एसपी सुनील दलाल के निर्देश पर जिला पुलिस नशामुक्ति मुहिम चलाकर ड्रग्स का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कस रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को आर्थिक शाखा प्रभारी विक्रम सिंह अपनी टीम सहित भिवानी रोड पर गश्त कर रहे थे। गांव चरखी के समीप पुलिस को एक व्यक्ति संदिग्ध हालातों में खड़ा दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने उसके पास पहुंचकर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 530 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इतना ही नहीं आरोपी के पास 315 बोर की एक अवैध पिस्तौल भी बरामद हुई है। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया है।